0 जिलाधिकारी के समक्ष प्राप्त 164 प्रार्थना पत्रों में से मौके पर 23 का किया गया निस्तारण
मीरजापुर। शासन की मंशा के अनुरूप जनपद की सभी तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने तहसील स्तर पर पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।
तहसील सदर में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने मुख्य विकास अधिकारी विषाल कुमार के साथ आए हुए फरियादियों की समस्याएं सुनीं। जिलाधिकारी के समक्ष कुल 164 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 23 प्रार्थना पत्रों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण का पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि फरियादियों की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त प्रार्थना पत्रों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जांच करते हुए शिकायतकर्ता को संतुष्ट करने वाली कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण शासन की प्राथमिकताओं में है।
उन्होंने कहा कि पैमाइष के मामले राजस्व व पुलिस की संयुक्त गठित कर मौके पर भेजते हुए दोनो पक्षों की उपस्थिति में पीड़ित व्यक्ति को न्याय दिलाएं।
इसी क्रम में तहसील मड़िहान में अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 विनोद कुमार सिंह के समक्ष कुल 65 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 05 का मौके पर निस्तारण किया गया। तहसील लालगंज में अपर जिलाधिकारी भू0/रा0 देवेंद्र प्रताप सिंह के समक्ष प्राप्त 45 प्रार्थना पत्रों में से 03 का निस्तारण किया गया।
वहीं तहसील चुनार में अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे विजेता की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 93 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 07 प्रार्थना पत्रों का मौके पर निस्तारण किया गया। तहसील सदर उप जिलाधिकारी सदर महेन्द्र सिहं सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहें।





