News

जीबीएएमएस में गांधी एवं शास्त्री जयंती समारोह हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न

मीरजापुर। नगर के घनश्याम बिनानी एकेडमी ऑफ मैनेजमेंट साइंसेज (जीबीएएमएस) में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन भारतीय तैलिक साहू राठौर महासभा के सहयोग से किया गया।

इस वर्ष कार्यक्रम की थीम “जन आकांक्षाओं की पूर्ति तथा राज्य का समग्र विकास” रही। समारोह का शुभारंभ महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि के साथ हुआ। इस अवसर पर दोनों महापुरुषों के जीवन-मूल्यों, आदर्शों, सत्य, अहिंसा, सादगी, सेवा और राष्ट्र निर्माण पर प्रकाश डाला गया तथा विद्यार्थियों के व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक जीवन में उनकी प्रासंगिकता पर चर्चा की गई।

समारोह के अंतर्गत एक अंतर-महाविद्यालय निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसका विषय था “आज के परिवेश में गांधीवादी विचारधारा की प्रासंगिकता”। प्रतियोगिता में विभिन्न महाविद्यालयों के MBA एवं BBA के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और समसामयिक समाज में गांधीवादी विचारों की उपयोगिता पर अपने विचार व्यक्त किए।

इस अवसर पर निदेशक प्रो. डॉ. जीशान अमीर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें अनुशासन, ईमानदारी, सादगी, समर्पण एवं सेवा भावना जैसे मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सफलता के साथ-साथ अच्छे चरित्र, नैतिक मूल्यों एवं जिम्मेदारी की भावना का होना भी अत्यंत आवश्यक है।

कार्यक्रम का संचालन सुश्री मोमिना, असिस्टेंट प्रोफेसर द्वारा किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। महाविद्यालय के प्राचार्य/निदेशक ने बताया कि प्रतियोगिता का परिणाम मूल्यांकन के पश्चात शीघ्र घोषित किया जाएगा और इसकी सूचना माँ विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय, मिर्जापुर को भी प्रेषित की जाएगी।

समारोह में आयोजित कार्यक्रमो मे निबंध प्रतियोगिता, महिला उत्थान एवं सशक्तिकरण हेतु सरकारी योजनाओं पर चर्चा एवं ग्रामीण क्षेत्रों के आर्थिक विकास से संबंधित सरकारी योजनाओं पर चर्चा रहा।

आयोजकों ने भारतीय तैलिक साहू राठौर महासभा का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे मूल्य-परक एवं शैक्षिक कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता दोहराई। गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती का यह आयोजन सभी के लिए सीख, आत्मचिंतन एवं प्रेरणा का महत्वपूर्ण अवसर रहा।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!