News

कमिश्नर-डीएम ने पुष्पार्चन कर किया ध्वजारोहण; पुलिस लाइन में गांधी-शास्त्री के चित्र पर एसपी ने किया माल्यार्पण, दी गयी सलामी

मीरजापुर। सत्य एवं अहिंसा के प्रतीक राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक द्वारा पुलिस लाइन मीरजापुर स्थित क्वार्टर गार्द पर उनकी तस्वीरों पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित करते हुए सलामी दी गयी। एसपी ने समस्त अधिकारी/कर्मचारीगण को देश की आजादी और राष्ट्रीय एकता की रक्षा करने, और भी मजबूत बनाने के कार्य में तन, मन से योगदान करने एवं सदैव अहिंसा का पालन करते हुए समस्त विवादों को शांतिपूर्वक और संवैधानिक उपायों द्वारा हल करने की शपथ दिलायी।

एसपी कौशिक ने बताया कि दोनों महापुरुष हम सभी के लिये प्रेरणा स्रोत हैं, जिनके बताये गये विचारों का अनुगमन कर हम सभी सही एवं कर्तव्य पथ पर चलकर अपने जीवन को सफल बना सकते हैं।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी एलआईयू, क्षेत्राधिकारी कार्यालय, प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस लाइन के समस्त अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे। साथ ही थानों/चौकियों पर सम्बन्धित अधिकारीगण द्वारा दोनों महापुरुषों की तस्वीरों पर माल्यार्पण कर उनके जीवन दर्शन, विचारधारा, राष्ट्रीय भावना, देश की आजादी में उनके योगदान आदि के सम्बन्ध में संक्षिप्त परिचय देते हुए हर्षोंल्लास के साथ जयंती मनायी गयी।

कमिश्नर-डीएम ने पुष्पार्चन कर किया ध्वजारोहण

मीरजापुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के जयंती पर मंडलायुक्त राजेश प्रकाश ने आयुक्त कार्यालय परिसर में ध्वजारोहण किया। इसके बाद उन्होंने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित कर दोनों महापुरुषों के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर अपर आयुक्त प्रशासन राज कुमार द्विवेदी के अलावा अधिवक्ता गण व कमिश्नरी के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने कलेक्ट्रेट मे ध्वजारोहण किया। तत्पश्चात कलेक्ट्रेट सभागार में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर नमन किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वि./रा. विनोद कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी भू./रा. विजेता, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह के अलावा कलेक्ट्रेट के सभी अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!