News

घाटी में अनियंत्रित ट्रक ने आगे चल रही कार में पीछे से मारी टक्कर महिला की मौत, तीन घायल; श्राद्ध में शामिल होकर मध्य प्रदेश से लौट रहे थे कार सवार

हलिया (मीरजापुर)। ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के वाराणसी रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 135 स्थित ड्रमंडगंज घाटी के बड़का मोड़ पर सोमवार देर शाम ब्रेक फेल होने से अनियंत्रित ट्रक ने आगे चल रही कार में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस घटना मे कार में सवार महिला समेत कुल चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया।

प्रयागराज जिले के मेजा थाना क्षेत्र के शुकुलपुर निवासी 50 वर्षीया उषा देवी पत्नी चंद्रमा प्रसाद मिश्र अपने 24 वर्षीय पुत्र अंबुज मिश्र व परिवार के ही 25 वर्षीय अंकित मिश्र व 19 वर्षीय आयुष के साथ अपने पिता के श्राद्ध में शामिल होने के लिए अपने मायके मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के छतना गांव गई थी। देर शाम कार से घर वापस लौटते समय जैसे ही ड्रमंडगंज घाटी के बड़का मोड़ घुमान के पास पहुंचे तो पीछे से कपड़ा लादकर आ रहे ट्रक का ब्रेक फेल हो गया। अनियंत्रित ट्रक कार में पीछे से टक्कर मारते हुए खांई में जा धंसा।

वहीं घटना के बाद ट्रक चालक फरार हो गया। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष ड्रमंडगंज जितेंद्र कुमार ने सभी घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजवाया। जहां पीएचसी हलिया के चिकित्सक अवधेश कुमार ने गंभीर रूप से घायल उषा देवी को देखते ही मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने बताया कि ड्रमंडगंज घाटी के बड़का मोड़ घुमान पर अनियंत्रित ट्रक ने आगे चल रही कार में पीछे से टक्कर मार दी। घटना में प्रयागराज जिला निवासी महिला की मौत हो गई है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।सभी की हालत सामान्य बताई जा रही है।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!