एपेक्स ट्रस्ट हॉस्पिटल में महिलाओं के लिए निःशुल्क मैमोग्राफी स्क्रीनिंग कैंप आयोजित; 16 महिलाओं की हुई निःशुल्क स्तन जांच, कैंसर रोग विशेषज्ञ ने दी जरूरी जानकारी
चुनार, मिर्जापुर। एपेक्स वेलकेयर ट्रस्ट द्वारा संचालित एपेक्स ट्रस्ट हॉस्पिटल एंड डायग्नोस्टिक, समसपुर, चुनार में बुधवार को महिलाओं के लिए निःशुल्क मैमोग्राफी (स्तन की जांच) स्क्रीनिंग कैंप आयोजित किया गया।
इस अवसर पर एपेक्स की निदेशिका एवं कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. अंकिता पटेल की उपस्थिति में निःशुल्क मैमोग्राफी स्क्रीनिंग कैंप का शुभारंभ किया गया। कैंप के दौरान 16 महिलाओं की निःशुल्क मैमोग्राफी जांच की गई।
कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. अंकिता पटेल ने महिलाओं को बताया कि स्तन में गांठ, दर्द, आकार में बदलाव या निप्पल से किसी प्रकार का असामान्य स्राव जैसे लक्षण दिखाई दें तो उसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय पर जांच कराने से बीमारी का शुरुआती अवस्था में पता लगाया जा सकता है, जिससे सही समय पर इलाज शुरू करने में मदद मिलती है।
उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे अपने स्वास्थ्य को लेकर जागरूक रहें और स्तन में किसी भी तरह का असामान्य बदलाव महसूस होने पर समय रहते डॉक्टर से सलाह लें।
अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि महिलाओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए भविष्य में भी निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं और जरूरी चिकित्सकीय परामर्श मिल सके।


