खाद्य सुरक्षा विभाग नेकिया 925 दुकानों का निरीक्षण
0 58 नमूने फेल, 34 दुकानदारों पर 4.85 लाख का लगाया जुर्माना
0 जिलाधिकारी की अध्यक्षता में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की जिला स्तरीय कमेटी की बैठक सम्पन्न
फोटोसहित
मीरजापुर। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की जिला स्तरीय कमेटी की बैठक आहूत की गई। बैठक में सहायक आयुक्त (खाद्य)-II द्वारा बताया गया कि माह अप्रैल 2026 से अब तक खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा 925 दुकानों का निरीक्षण कर 162 विधिक एवं 241 सर्वे नमूने संग्रहित कर खाद्य प्रयोगशाला प्रेषित किया गया। जिसमें विधिक नमूने के 100 रिपोर्ट तथा सर्वे नमूने के 117 रिपोर्ट प्राप्त हुए। जिसमें 58 नमूने मानक के विपरीत पाये गये। इनके विरुद्ध न्यायालय में वाद दायर किया गया। इस सत्र में अब तक कुल 34 दुकानदारों के ऊपर 485000.00 रु0 का जुर्माना लगाया जा चुका है।जिलाधिकारी द्वारा कृत कार्यवाही पर संतोष व्यक्त किया गया एवं दूध, खोया, मिठाई एवं सभी ब्राण्डेड व स्थानीय विनिर्माताओं के खाद्य उत्पादों विशेषकर घी, खाद्य तेल, नमकीन आदि खाद्य पदार्थों पर विशेष जाँच करने का निर्देश दिया गया तथा मेला क्षेत्र यथा मां विन्ध्यवासिनी परिक्षेत्र, होटल, रेस्टोरेण्ट एवं स्ट्रीट फूड वेन्डरों द्वारा आम जनमानस को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने एवं मिलावटखोरी को रोकने हेतु प्रभावी निरीक्षण व छापेमारी करने हेतु निर्देशित किया गया एवं दुग्ध एवं दुग्ध उत्पादों के संदिग्ध खाद्य पदार्थों के अधिक से अधिक नमूने संग्रहीत करने एवं प्रभावी प्रवर्तन कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया, साथ ही आगामी नवरात्रि के दृष्टिगत विन्ध्याचल मेला क्षेत्र में सघन अभियान चलाने हेतु निर्देशित किया गया। उन्होंने कहा कि होलसेल की दुकानों पर 15 किग्रा के देशी घी के डिब्बों का सैम्पल अवश्य लिया जाए। जिसके क्रम में विन्ध्याचल मेला क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम द्वारा लगातार भ्रमणशील रहकर दुकानों का निरीक्षण किया जा रहा है तथा नमूना संग्रहण की भी कार्यवाही की जा रही है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग सम्पूर्ण मेला क्षेत्र व जनपद में निरन्तर क्रियाशील रहकर प्रवर्तन व निरीक्षण करती रहेगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 विनोद कुमार सिंह, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सहायक आयुक्त (खाद्य)-II सुशील कुमार सिंह, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी एन0एन0 झा, राजेश मौर्य औषधि निरीक्षक तथा आबकारी विभाग, बाल विकास पुष्टाहार विभाग, मत्स्य विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, जिला विद्यालय निरीक्षक विभाग, जिला पूर्ति विभाग, पुलिस विभाग, राज्य कर विभाग के अधिकारीगण तथा जिला स्तरीय कमेटी के अन्य अधिकारीगण व सदस्यगण आदि उपस्थित रहे।


