सेन्टर ऑफ एक्सीलेंस फॉर ड्रैगन फ्रूट का उद्यान मंत्री ने किया भूमि पूजन
0 मण्डलीय किसान गोष्ठी का दीप प्रज्ज्वलन कर किया शुभारम्भ
फोटोसहित
मीरजापुर। उद्यान विभाग द्वारा तहसील मड़िहान के देवरीकलां में निर्माणाधीन सेन्टर ऑफ एक्सीलेंस फॉर ड्रैगन फ्रूट के भूमि पूजन तथा मण्डलीय गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें विन्ध्याचल, वाराणसी मण्डल एवं आजमगढ़ मण्डल के 2000 कृषकों ने प्रतिभाग किया। उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह द्वारा भूमि पूजन, तत्पश्चात किसान गोष्ठी का शुभारम्भ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
विधान परिषद सदस्य श्याम नारायण सिंह ने कृषकों को सम्बोधित करते हुये उद्यान विभाग द्वारा कराये जा रहे कार्यों की सराहना की। कोऑपरेटिव बैंक के चेयरमैन डा. जगदीश सिंह पटेल ने मंच से कृषकों को सम्बोधित करते हुये कहाकि एक समय था जब लोग यह नहीं जानते थे कि उद्यान विभाग भी है, लेकिन आज की तिथि में मण्डल के उप निदेशक उद्यान मेवाराम के आने के पश्चात इनके द्वारा कराये जा रहे कार्यों के कारण लोगों में उद्यान विभाग की जानकारी हुई। मडिहान विधायक रमाशंकर पटेल ने बताया कि उनके भाई जो कोई काम नहीं करते थे मेवाराम के मार्गनिर्देश में पाली हाउस की स्थापना करायी गयी जिसमें आज उनका भाई प्रतिवर्ष ड्रैगन की खेती कर लगभग रू0 15-18 लाख की आय प्राप्त कर रहा है, जिससे वह काफी उत्साहित है।
उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कृषकों को सम्बोधित करते हुये कृषकों की उपस्थिति व उनकी जागरूकता को देखते हुये काफी हर्ष व्यक्त किया साथ ही साथ उद्यान विभाग द्वारा कराये जा रहे विभिन्न कार्यों के विषय में जानकारी दी तथा कृषकों को बताया कि जनपद मीरजापुर में स्थापित होने वाले सेन्टर ऑफ एक्सीलेंस फॉर ड्रैगन फ्रूट के निर्माण हो जाने के बाद यहाँ के कृषकों को तथा प्रदेश व प्रदेश के बाहर के कृषकों को अच्छी प्रजाति के ड्रैगन फ्रूट के पौधे उचित मूल्य पर प्राप्त होंगे।
मंत्री ने बताया कि न्यूजीलैण्ड में मौन पालन के कृषकों द्वारा शहद उत्पादित कर लगभग रू0 25 हजार प्रति किग्रा0 की दर से भारत में बेचा जा रहा है जबकि अपने यहाँ की शहद मात्र रू0 500 प्रति किग्रा0 की दर से बिक रही है। उद्यान विभाग द्वारा शहद की ब्रांडिंग करते हुये काशी शहद के नाम से शहद की बिक्री किये जाने की योजना तैयार की जा रही है, जिससे यहाँ के मौन पालकों को भी उनके शहद का उचित मूल्य प्राप्त करें।
मंत्री ने मेवाराम की सराहना करते हुये कहा कि यह उनके द्वारा जनपद में औद्यानिक खेती कराकर कृषकों की आय में बढ़ोतरी कराने व उनके अधिक मेहनत की देन है जिससे जनपद के कृषकों ने पूरे उत्साह से उक्त मण्डलीय किसान गोष्ठी में प्रतिभाग किया।
उक्त कार्यक्रम में निदेशक उद्यान, वी0पी0 राम, नोडल अधिकारी राजीव वर्मा, उप निदेशक उद्यान के0एम0 चौधरी एवं मण्डल के समस्त जिलों के जिला उद्यान अधिकारी उपस्थित रहे।


