प्रभारी मंत्री ‘नन्दी’ ने परखी सीएम के आगमन एवं नवरात्र मेला की व्यवस्था
0 हेलीपैड से मंदिर एवं जनसभा स्थल तक रूट व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखने के दिये निर्देश
फोटोसहित
मीरजापुर। जनपद के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’ ने मंगलवार को अष्टभुजा गेस्ट हाउस सभागार में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों संग बैठक कर 15 अक्टूबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनपद भ्रमण की तैयारियों की समीक्षा की
जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने हेलीपैड की व्यवस्था, मंदिर दर्शन-पूजन के उपरांत जनसभा स्थल तक आवागमन, जनसभा स्थल पर जर्मन हैंगर टेंट एवं मंच की व्यवस्था, जनसामान्य के बैठने के लिए कुर्सियों, प्रवेश एवं निकास के लिए निर्धारित घेरे, बैरिकेडिंग, साउंड एवं लाइट व्यवस्था, रूट चार्ट, सेफ हाउस तथा जनसभा स्थल पर पेयजल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के बारे में बिंदुवार जानकारी दी।
एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने विभिन्न स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था, मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती, जनसभा स्थल की सुरक्षा, पार्किंग व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन के संबंध में जानकारी दी। इसके पश्चात जिलाधिकारी ने नवरात्र मेला के दौरान दर्शनार्थियों को सुचारु रूप से दर्शन कराने तथा अन्य जनोपयोगी व्यवस्थाओं की भी विस्तृत जानकारी दी।
प्रभारी मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’ ने कहा कि मुख्यमंत्री जी द्वारा विंध्याचल मंदिर में दर्शन-पूजन के पश्चात विंध्य कॉरिडोर का निरीक्षण भी किया जा सकता है। इसे ध्यान में रखते हुए कॉरिडोर परिसर एवं उससे जुड़े चारों प्रमुख मार्गों पर बेहतर साफ-सफाई, बैरिकेडिंग तथा सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने गंगा घाटों पर भी साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनसभा स्थल पर आमजन के बैठने, उन्हें निर्धारित प्रवेश मार्गों से व्यवस्थित रूप से बैठने के लिए बनाए गए घेरे तक पहुंचाने तथा आवागमन को सुचारु बनाए रखने के लिए अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाए। सभी व्यवस्थाएं इस प्रकार सुनिश्चित की जाएं कि जनसभा में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। जनसभा स्थल के आसपास पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था की जाए, जिससे यातायात बाधित न हो और कहीं भी जाम की स्थिति उत्पन्न न होने पाए।
क्षेत्रीय महामंत्री काशी क्षेत्र विद्याधर तिवारी, जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज, नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, सदस्य विधान परिषद श्याम नारायण उर्फ विनीत सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष राजू कनौजिया, मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, मझवां विधायक श्रीमती सुचिस्मिता मौर्य, छानबे विधायक श्रीमती रिंकी कोल, नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी, डीएम पवन कुमार गंगवार, एसपि अपर्णा रजत कौशिक, सीडीओ विजय कुमार सिंह, एडीएम (वित्त एवं राजस्व) विनोद कुमार सिंह, पीडी डीआरडीए सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जिला मंत्री रवि पाण्डेय सहित भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।


