मीरजापुर। माँ विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय देवरी कला मड़िहान परिसर में मंगलवार को ब्रह्माकुमारी संस्थान के तत्वावधान में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
वृक्षारोपण कार्यक्रम से पूर्व ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय शाखा मीरजापुर की प्रमुख बिंदु दीदी की ओर से उपस्थित विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों के लिए ध्यान एवं आध्यात्मिक एकाग्रता का प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने ध्यान के माध्यम से मानसिक शांति, सकारात्मक सोच, आत्मअनुशासन तथा संतुलित जीवन के महत्व पर प्रकाश डाला।
ध्यान प्रशिक्षण के पश्चात विश्वविद्यालय परिसर में बृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। ब्रह्माकुमारी संस्थान के प्रतिनिधियों एवं विश्वविद्यालय के अधिकारियों एवं शिक्षकों ने परिसर में विभिन्न प्रकार के फलदार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. शोभा गौड़ ने कहाकि वृक्ष केवल पर्यावरण को संतुलित रखने में ही महत्वपूर्ण भूमिका नहीं निभाते, बल्कि मानव जीवन, स्वास्थ्य और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने ब्रह्माकुमारी संस्थान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय परिसर में इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में पर्यावरणीय चेतना, सामाजिक उत्तरदायित्व और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल पर भी विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम से पूर्व कुलपति प्रो. शोभा गौड़ ने ब्रह्माकुमारी संस्थान की प्रमुख बिंदु दीदी सहित संस्थान के सभी उपस्थित सदस्यों को अंगवस्त्र एवं तुलसी का पौधा देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा ध्यान, आध्यात्मिक जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण को एक साथ जोड़कर किया जा रहा कार्य समाज के लिए प्रेरणादायी है।
इस अवसर पर स्टील प्लांट गैलेन्ट इस्पात लिमिटेड चुनार के जनरल मैनेजर निखिल कुमार, विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक हरीश चंद, कुलसचिव राम नारायण, शिक्षा संकाय के अधिष्ठाता प्रो. भवभूति मिश्र, के.बी.पी.जी. कालेज के प्राचार्य प्रो. रविन्द्र द्विवेदी, स्नेहलता द्विवेदी, प्रो. नम्रता मिश्रा, प्रो. कुलदीप पांडेय, नवनियुक्त शिक्षक डॉ. प्रशांत सिंह, डॉ. आशुतोष राय, डॉ. विभा रानी सिंह, डॉ. अतुल किशोर शाही, डॉ. विजय कुमार सिंह सहित विश्वविद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।




