ग्रीष्मावकाश के बाद गुलजार हुआ विद्यालय परिसर, बच्चों के चेहरों पर लौटी रौनक
मीरजापुर। डेढ़ महीने के लंबे ग्रीष्मावकाश के बाद बुधवार, 1 जुलाई को नगर के विद्यालय पुनः खुल गए। सुबह से ही डैफोडिल्स स्कूल का परिसर बच्चों की किलकारियों और मुस्कुराहट से गुलजार हो उठा।
छात्र-छात्राएँ नए उत्साह और उमंग के साथ विद्यालय पहुँचे। कई बच्चों ने अपने दोस्तों से गले मिलकर छुट्टियों के अनुभव साझा किए। किसी ने नानी के घर की कहानियाँ सुनाईं तो किसी ने नई किताबें और कॉपियों की खुशबू का जिक्र किया।
डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल की निर्देशिका श्रीमती अपराजिता सिंह ने बताया, “बच्चों के बिना विद्यालय सूना लगता था। आज इनकी वापसी से स्कूल में फिर से चहल-पहल शुरू गई है।” शिक्षकों ने भी तिलक लगाकर और रिबन काट कर सभी विद्यार्थियों का स्वागत किया। कई प्रकार के क्रियाकलापों के द्वारा बच्चों ने पहला दिन खुशी खुशी मनाया।
पहले दिन विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों को अनुशासन, समय प्रबंधन और नए सत्र के लक्ष्यों के प्रति जागरूक किया गया। कक्षा 8 की छात्रा मरियम दिलशाद ने कहा, “छुट्टियों में मज़ा तो आया, पर दोस्तों और पढ़ाई की बहुत याद आई। आज स्कूल आकर बहुत अच्छा लग रहा है।”
विद्यालय प्रबंधन द्वारा परिसर की साफ-सफाई, पेयजल और बिजली एसी की व्यवस्था पहले से ही दुरुस्त कर ली गई थी ताकि बच्चों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस प्रकार ग्रीष्मावकाश के बाद पहला दिन हँसी-खुशी और नई ऊर्जा के साथ संपन्न हुआ।


