मीरजापुर।
जवाहर नवोदय विद्यालय पटेहरा कलां में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. एस. पी. त्रिपाठी, ए. के. त्रिपाठी, एस. सी. सिंह, अनामिका भारतीय, शिल्पा सिंह एवं विद्यालय कैप्टन समीर द्वारा महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी की प्रतिमाओं पर दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य ने महात्मा गांधी के सत्य, करुणा, सेवा और मानवता के विचारों को व्यवहार में उतारने का एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। कक्षा छठवीं की छात्रा अनन्या के ₹1000 खो जाने की जानकारी मिलने पर प्राचार्य ने संवेदनशीलता दिखाते हुए अपनी ओर से ₹1000 की राशि छात्रा को प्रदान की।
प्राचार्य के इस मानवीय कार्य ने कार्यक्रम को एक विशेष भावनात्मक और प्रेरणादायी संदेश दिया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के विचार केवल पुस्तकों और भाषणों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि जरूरतमंद की सहायता करना, दूसरों के दुख को अपना समझना और मानवता के प्रति संवेदनशील रहना ही उनके विचारों को वास्तविक जीवन में अपनाना है। विद्यालय केवल शिक्षा देने का स्थान नहीं, बल्कि बच्चों में संवेदना, सहयोग और मानवीय मूल्यों का विकास करने वाला परिवार भी है।
इसी अवसर पर विद्यालय में 10 दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना कैंप का भी प्राचार्य द्वारा उद्घाटन किया गया। प्रभारी एम. के. बरनवाल के मार्गदर्शन में छात्र-छात्राओं ने सेवा, सहयोग, स्वच्छता एवं समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक एवं शैक्षिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। प्रस्तुतियों के माध्यम से सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, देशभक्ति, सादगी एवं राष्ट्रसेवा का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर डॉ. विपिन सिंह, नईममुल्लाह, वेद प्रकाश मिश्र, संजय यादव, कमलेश कुमार, उमेश कुमार सिंह, राजेश तिवारी, राकेश यादव, जे. एन. सिंह, एस. के. मौर्या, विभा सिंह, स्वेक्षा, अनुपम सिंह, ललिता, अनामिका सिंह, सिम्मी भारतीय एवं अभिषेक श्रीवास्तव, गोपाल सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन राम लखन मौर्य ने किया।


