गांधी जयंती के अवसर पर जनपद में आयोजित विविध कार्यक्रम, स्वच्छता, सत्य एवं अहिंसा का दिया गया संदेश
मीरजापुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर मंडल कार्यालय व जनपदीय कार्यालयों में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। आयुक्त कार्यालय विंध्याचल मंडल में मंडलायुक्त राजेश प्रकाश ने ध्वजारोहण किया। तत्पश्चात वंदे मातरम्, राष्ट्रगीत व राष्ट्रगान ‘जन गण मन अधिनायक जय हे…’ का गायन किया गया। आयुक्त सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मंडलायुक्त द्वारा महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री के चित्र का अनावरण करते हुए माल्यार्पण व पुष्प अर्पित कर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला गया।
मंडलायुक्त ने कहा कि महात्मा गांधी जी ने जहां सत्य एवं अहिंसा के मार्ग पर चलकर देश को आजादी दिलाई, तो वहीं लाल बहादुर शास्त्री जी ने ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा देकर देश को आत्मनिर्भरता की राह दिखाई। उन्होंने कहा कि इन दोनों महापुरुषों के आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं। हम सभी को उनके बताए हुए मार्गों पर चलकर मंडल व देश को विकास के पथ पर ले जाकर विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने की आवश्यकता है।
आयोजित कार्यक्रम के तहत सुंदर मुंदर इंटर कॉलेज की छात्राओं द्वारा गांधी जी का प्रिय भजन ‘रघुपति राघव राजा राम’ सहित अनेक गीत प्रस्तुत किए गए। तत्पश्चात जनपद की लोकगायिका सूफिया श्रीवास्तव व उनकी टीम द्वारा देवी गीत एवं राष्ट्रगीत प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर अपर आयुक्त प्रशासन राज कुमार द्विवेदी, राजीव कुमार यादव अध्यक्ष बार एसोसिएशन कमिश्नरी, अंजनी कुमार द्विवेदी सचिव बार एसोसिएशन कमिश्नरी, कृपा शंकर मिश्र पूर्व अध्यक्ष बार एसोसिएशन कमिश्नरी, भोलानाथ कुशवाहा विशेष शासकीय अधिवक्ता सहित आयुक्त कार्यालय के सभी अधिकारी, कर्मचारी एवं अधिवक्तागण उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में ध्वजारोहण करने के पश्चात पटेल चौराहा भरूहना से कलेक्ट्रेट तक आयोजित क्रॉस कंट्री रेस में विजयी प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। तत्पश्चात कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, अपर जिलाधिकारी वि./रा. विनोद कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी भू./रा. विजेता, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे संगम लाल, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह, डिप्टी कलेक्टर जूही प्रसाद सहित कलेक्ट्रेट के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया।
जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने अपने संबोधन में कहा कि महात्मा गांधी जी के विचारों एवं जीवन मूल्यों को हम सब अपने जीवन में उतारकर समाज के साथ जुड़कर सहयोग और सहभागिता की भावना से कार्य करें। उन्होंने कहा कि ईमानदारी, जनसेवा व निष्ठा भावना के साथ कार्य करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की योजनाओं को पहुंचाना ही दोनों महापुरुषों की सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वि./रा. विनोद कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी भू./रा. विजेता, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे संगम लाल, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह ने भी महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री जी के व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डाला।
तत्पश्चात जिलाधिकारी ने लोहंदी स्थित गांधी घाट पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया। स्थानीय बी.एल.जे. इंटर कॉलेज में स्थापित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी नरेश चंद्र श्रीवास्तव की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर जिलाधिकारी द्वारा नमन किया गया।
जनपद में आयोजित कार्यक्रमों में विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रभात फेरी निकालकर नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए शहीद उद्यान पहुंचा गया, जहां स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की याद में भव्य कार्यक्रम व उद्बोधन किया गया। इस दौरान साक्षरता को बढ़ावा देने, कमजोर वर्ग के उत्थान तथा मद्य निषेध एवं खुले में शौच से मुक्ति के संबंध में उद्बोधन कर छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन किया गया।


