News

माटीकला बोर्ड के 15 प्रतिभागियों में से तीन श्रेष्ठ कलाकारों को किया पुरस्कृत
0 15 हजार, 12 हजार व 10 हजार का दिया पुरस्कार, पॉपकॉर्न मशीन व जूट बैग का भी वितरण
फोटोसहित
मीरजापुर। जिला ग्रामोद्योग कार्यालय में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत उत्तर प्रदेश माटी कला बोर्ड एवं उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के तत्वावधान में मंडल स्तरीय माटी कला पुरस्कार कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मंडल के मिर्जापुर, भदोही एवं सोनभद्र जनपदों से कुल 15 प्रतिभागियों ने अपनी उत्कृष्ट माटी कला प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इनमें से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के रूप में क्रमशः ₹15,000, ₹12,000 एवं ₹10,000 की धनराशि, शील्ड एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक नगर रत्नाकर मिश्र द्वारा विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। साथ ही उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा संचालित टूलकिट वितरण योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में चयनित लाभार्थियों को पॉपकॉर्न मशीन का निःशुल्क वितरण किया गया।
इस अवसर पर विधायक द्वारा जूट बैग का वितरण भी किया गया तथा उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए स्वदेशी उत्पादों, खादी एवं ग्रामोद्योग को बढ़ावा देने तथा मिट्टी के पारंपरिक बर्तनों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी/जिला ग्रामोद्योग अधिकारी अमितेश कुमार सिंह ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग द्वारा संचालित विभिन्न रोजगारपरक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में जिला ग्रामोद्योग अधिकारी सोनभद्र गौतम त्रिपाठी, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी भदोही राजेश कुमार सिंह, पवन कुमार, महेश कुमार, माटी कला विशेषज्ञ श्रीमती प्रतिभा पांडेय, राम सजीवन दुबे, जवाहर सिंह सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी, लाभार्थी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!