News

ज्यादा घी खाने को लेकर विवाद कै बाद भाई, फिर बहन ने की आत्महत्या
फोटोसहित
मिर्जापुर। शुक्रवार को ज्यादा घी खाने को लेकर भाई-बहन के बीच विवाद के अगले दिन शनिवार की सुबह भाई ने कुएं की रेलिंग पर रस्सी से फंदा लगाकर जान दे दी। भाई की मौत की खबर सुनकर बहन सदमे में आ गई। परिवार के लोग भाई को फंदे से उतारने पहुंचे, तभी बहन ने घर के दूसरे कमरे में दुपट्टे से फंदा लगा लिया। परिजन भाई का शव लेकर घर पहुंचे तो बेटी भी फंदे से लटकी मिली। वे उसे तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक शेषनाथ (18) अपने पिता से पहलवानी की ट्रेनिंग ले रहा था। घटना अदलहाट थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव की है। यहां रामआसरे यादव परिवार के साथ रहते हैं। वह पहलवान हैं और खेती-किसानी करते हैं। परिवार में पत्नी गीता और चार बच्चे हैं। बड़ा बेटा लवकुश (25), बेटी अनुष्का (21), शेषनाथ उर्फ गोली (18) और सबसे छोटा बेटा अंकुश (17) है। शेषनाथ इंटर और अनुष्का बीए की पढ़ाई कर रही थी।

रामआसरे के घर से करीब 100 मीटर दूर हनुमान मंदिर है। मंदिर परिसर में ही अखाड़ा बना हुआ है, जहां रामआसरे गांव के बच्चों को पहलवानी सिखाते हैं। शेषनाथ भी पढ़ाई के साथ पिता से पहलवानी सीख रहा था। पहलवान बनने की तैयारी के चलते वह अपने खानपान का भी खास ध्यान रखता था।

शुक्रवार की रात पूरा परिवार खाना खा रहा था। इसी दौरान शेषनाथ ने घी ज्यादा निकाल लिया। इस पर बहन अनुष्का ने घी का डिब्बा बंद करके रख दिया। इसे लेकर दोनों के बीच बहस होने लगी। घरवालों ने दोनों को समझाकर शांत करा दिया। इसके बाद सभी सोने चले गए।

शेषनाथ रोज सुबह 5 बजे उठकर अभ्यास के लिए अखाड़े जाता था। शनिवार सुबह भी वह रोज की तरह घर से निकला। परिवार के लोगों को लगा कि वह अभ्यास करने जा रहा है। मंदिर परिसर में एक कुआं है, जहां पानी निकालने के लिए बाल्टी और रस्सी रखी रहती है। शेषनाथ ने इसी रस्सी से कुएं की रेलिंग पर फंदा लगाकर जान दे दी।
सुबह गांव के कुछ लोग अभ्यास के लिए अखाड़े पहुंचे। वहां उन्होंने शेषनाथ का शव कुएं की रेलिंग से लटका देखा। उन्होंने तुरंत परिवार को सूचना दी। खबर मिलते ही घर के सभी लोग मंदिर की ओर दौड़े। शोर सुनकर अनुष्का की नींद खुली तो उसे भाई की मौत का पता चला। भाई की मौत से वह सदमे में आ गई।

परिवार के लोग शेषनाथ का शव लेकर करीब 6 बजे घर पहुंचे, तो अनुष्का भी दुपट्टे से फंदे से लटकी मिली। परिजन उसे तुरंत नीचे उतारकर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। भाई-बहन की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।

पड़ोसी ओंकार यादव ने बताया कि सुबह करीब 5:30 बजे उन्हें घटना की सूचना मिली। भाई की मौत की खबर सुनकर उसकी बहन सदमे में आ गई। जिस वक्त परिवार के लोग भाई को फंदे से उतारने में लगे थे, उसी दौरान बहन ने दूसरे कमरे में जाकर फांसी लगा ली।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!