एकांकी, देशभक्ति गीत और शिक्षाप्रद नाटकों का किया मंचन
फोटोसहित
मीरजापुर।
जवाहर नवोदय विद्यालय मे राष्ट्रीय सेवा योजना के 10 दिवसीय शिविर के अंतर्गत शनिवार, 10 अक्टूबर को अपनी-अपनी टोली के माध्यम से सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों में स्वयंसेवकों ने अपने आप को विभिन्न टोलियों में बांट कर एकांकी, देशभक्ति गीत और शिक्षाप्रद नाटकों का मंचन किया। छात्राओं की कैप्टन सोफिया कुरेशी टीम ने दहेज प्रथा पर, जबकि व्योमिका सिंह टोली ने सड़क सुरक्षा पर, छात्रों ने जल संरक्षण विषय पर अपनी प्रस्तुति दी। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में छात्रों में सामाजिक एवं नागरिक जिम्मेदारी, सामुदायिक सहभागिता एवं नेतृत्व क्षमता व सेवा भावना का विकास करना है। राष्ट्रीय सेवा योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास को सामुदायिक सेवा से जोड़कर उनको नागरिक गुणों से युक्त एक परिष्कृत नागरिक तैयार करना है। आज के इस कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों ने समूह में कार्य करने, आपसी सहयोग और जिम्मेदारी का अहसास करते हुए नेतृत्व करना सीखा। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर एसपी त्रिपाठी ने छात्रों में नेतृत्व क्षमता विकसित करने और रंगमंच के विभिन्न विधाओं के विषय में विस्तार पूर्वक जानकारी दी।उन्होंने छात्रों से कहा की रंगमंच कार्यक्रमों में पात्रों के द्वारा प्रस्तुति करते समय अपना चेहरा दर्शकों के समक्ष रखना जरूरी होता है। इस प्रकार हम प्रभावी छाप छोड़ पाने में सफल होते हैं।उन्होंने कहा कि यदि नारे एवं गीत का समन्वय कर एकांकी प्रस्तुत की जाए तो वह ज्यादा प्रभावी हो सकती है। इस अवसर पर कार्यक्रम प्रभारी मिथिलेश कुमार बरनवाल, संजय यादव एवं शिल्पा सिंह सहित अन्य शिक्षक शिक्षकांए उपस्थित रहे।





