एपेक्स ट्रस्ट नर्सिंग व पैरामेडिकल कॉलेज में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
0 दीप प्रज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ, मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का दिया संदेश
फोटोसहित
चुनार, मिर्जापुर। एपेक्स वेलकेयर ट्रस्ट द्वारा संचालित एपेक्स ट्रस्ट नर्सिंग कॉलेज एवं इंस्टीट्यूट ऑफ पैरामेडिकल साइंसेज में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस 2026 के अवसर पर मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम वास्तविक अनुभवों को सुना गया: सच्ची आवाज़ें, वास्तविक बदलाव रही, जो मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े व्यक्तिगत अनुभवों को सुनने, समझने और सकारात्मक बदलाव लाने के महत्व को दर्शाती है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रो. डॉ. ज्योति श्रीवास्तव, असिस्टेंट प्रोफेसर, कॉलेज ऑफ नर्सिंग, IMS, BHU, वाराणसी, एपेक्स नर्सिंग प्रधानाचार्य प्रो गोपी एसएस, उप प्रधानाचार्य प्रो अनुषी, आयुर्वेद कॉलेज इन्द्रसेन भारत योगाचार्य एवं समस्त फैकल्टी सदस्यों की उपस्थिति में दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
कार्यक्रम के दौरान मानसिक स्वास्थ्य के महत्व, तनाव प्रबंधन, भावनात्मक कल्याण तथा मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों के अनुभवों को संवेदनशीलता के साथ सुनने और समझने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े सामाजिक संकोच को दूर करने, खुलकर संवाद करने और जरूरतमंद व्यक्तियों को सहयोग प्रदान करने का संदेश दिया गया।
एपेक्स के चेयरमैन प्रो डॉ एस के सिंह ने सेमीनार की सराहना करते हुए कहा कि मानसिक स्वास्थ्य की प्राथमिकता के साथ स्वयं की देखभाल एवं आंतरिक खुशी भी अति आवश्यक है।


