मीरजापुर।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के दुर्गा बाजार स्थित केशव धाम संघ कार्यालय पर दिपोत्सव का आयोजन रविवार को किया गया।
स्वयंसेवक एवं पदाधिकारियों ने भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन करते हुए भारत माता का नक्शा बनाकर दीप जलाकर दीपोत्सव मनाया तथा संपूर्ण संघ कार्यालय को दीपों से सजाया गया। तत्पश्चात लक्ष्मी गणेश की पूजन कर प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।
इस अवसर पर विभाग प्रचारक कौशल किशोर ने सभी के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहाकि दीपावली का पर्व भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और हमारी समृद्ध परंपराओं का प्रतीक है। यह पर्व हमें अंधकार से प्रकाश की ओर, निराशा से आशा की ओर तथा असत्य से सत्य की ओर बढ़ने की प्रेरणा देता है।
विभाग प्रचारक ने कहा कि दीपावली केवल दीपों का त्योहार नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, आपसी सद्भाव, सेवा, सहयोग और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देने वाला पर्व भी है। यह अवसर हमें समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा सामूहिक रूप से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर विंध्याचल विभाग के विभाग प्रचारक कौशल किशोर विभाग कार्यवाह सच्चिदानंद, नगरसंचालक अशोक कुमार सोनी, नगर प्रचारक अंजनी, जिला व्यवस्था प्रमुख राजकुमार, लखन अग्रवाल, संतोष, दीपक तिलक, अमित, अनिल कुमार सिंह एवं राष्ट्रीय विकास समिति की जिला व्यवस्था प्रमुख रजनी, भाजपा नगर अध्यक्ष नितिन विश्वकर्मा, रिपेश, बिंदु, सहित तमाम स्वयंसेवकगण उपस्थित रहे।





