0 11 कुंतल अनाज, भूसा और गृहस्थी का सामान जल गया,
परिवार के लोग सुरक्षित बाहर निकल आए
मीरजापुर। जिले के विंध्याचल थाना क्षेत्र के नदिनी गांव मे दीपावली की शाम सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गयी। शॉर्ट सर्किट से गांव निवासी हीरालाल नोनिया के खपरैल के मकान में आग लगी और किसी तरह आग के आगोश मे आने से गैस सिलेंडर फट गयी। इस घटना मे जहां मकान की दीवार ढह गयी, वहीं, 11 कुंतल अनाज, भूसा और गृहस्थी का सामान जल कर नष्ट हो गया। गनीमत रही कि परिवार के लोग सुरक्षित घर से बाहर निकल आए थे। कहा जा रहा है कि यदि यही घटना रात में होती, तो जनहानि से इनकार नहीं किया जा सकता था।
जानकारी के मुताबिक गाँव निवासी हीरालाल नोनिया का खपरैल वाले मकान में शाम साढ़े सात बजे अचानक आग की लपटें धधकने लगी। महिलाओं व बच्चों सहित परिवार के लोग किसी तरह से जान बचाकर गिरते संभलते हुए बाहर निकलने में कामयाब हो गए।
मकान मालिक हीरालाल नोनिया ने बताया कि आग लगने से गैस सिलेंडर ब्लास्ट कर गया। जिससे मकान ध्वस्त हो गया। इसी के साथ घर गृहस्थी का सारा सामान कपड़े बर्तन, चारपाई के साथ ही 11 कुंतल अनाज व भूसा सब कुछ जलकर आगलगी की भेंट चढ़ गया। जिगना पावर हाउस के अर्जुनपुर उप केंद्र से विद्युत आपूर्ति बंद कराया गया। तब जाकर आग बुझाई गई।
मकान मालिक ने बताया कि शोर मचाने पर जुटे ग्रामीणों ने आग बुझाने के लिए काफी मशक्कत किया फिर भी आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया। नतीजतन पीड़ित परिवार अब खुले आसमान के नीचे रातें गुजारने के लिए मजबूर हो गया है। ग्रामीणों ने अहेतुक सहायता प्रदान करने की मांग की है।





