News

कछवा में हौसला बुलंद चोरों ने काटा 13 पोल का बिजली तार, क्षेत्र में दहशत, पुलिस के लिए बनी चुनौती

कछवा/ मिर्जापुर। स्थानीय थाना क्षेत्र में बीती रात हौसला बुलंद चोरों ने बिजली विभाग के लगभग 13 पोल का तार काटकर उठा ले गए। घटना के बाद से क्षेत्र में काफी दहशत का माहौल बना हुआ है। यह घटना पुलिस प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती बन गई है।

बरैनी श्मशान घाट तक काटा तार

मालूम हो कि कछवा के बरैनी दाह संस्कार घाट तक बिजली के पोल लगे हुए थे, जिसका बीती रात लगभग 9 पोल का तार चोरों ने काटकर रफूचक्कर हो गए। चोरों ने बड़ी ही चालाकी से अंधेरे का फायदा उठाकर इस वारदात को अंजाम दिया। इसी रात बरैनी गांव के ही बैस का पुरा के पूरा स्थित एक खेत में लगभग तीन पोल का तार भी काट लिया गया। इसके अलावा एक अन्य जगह से भी तार काटे जाने की सूचना है। इस तरह कुल मिलाकर लगभग 13 पोल का तार चोरी हो गया है।

बताया जा रहा है कि ऐसी घटना लगभग एक वर्ष पहले भी हुई थी। तब भी चोरों ने इसी तरह रात के अंधेरे में बिजली के तार काटकर चोरी कर लिए थे। बार-बार हो रही इस तरह की घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश के साथ-साथ भय भी व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि रात में अंधेरा हो जाने से चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। घटना की जानकारी होते ही जेई हंसराज पटेल ने कछवा थाने में अज्ञात लोगों के नाम से तहरीर दिया। तहरीर पाकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और चोरों की तलाश में जुट गई है।

वहीं थाना प्रभारी अमरजीत चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द ही चोरों को पकड़कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही कटे हुए तारों को ठीक कराकर बिजली आपूर्ति बहाल कराई जाएगी। क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात में गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!