News

खादी भंडार के शटर से सटाकर खड़ी कर देते हैं कार, ग्राहक लौटने को मजबूर

0 मैनेजर ने भाजपा नेता पर लगाया दुकान के सामने वाहन खड़ा करने का आरोप, पुलिस चौकी में दी नामजद लिखित शिकायत

कछवां, मीरजापुर। कस्बे में स्थित श्री गांधी आश्रम खादी भंडार के सामने एक कार खड़ी किए जाने से दुकान का कारोबार प्रभावित हो रहा है। दुकान के शटर से सटाकर वैगनआर कार खड़ी कर दिए जाने के कारण ग्राहकों को दुकान तक पहुंचने में परेशानी हो रही है। इससे नाराज खादी भंडार के मैनेजर ने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ पुलिस से शिकायत की है।

गांधी आश्रम खादी भंडार के मैनेजर रामतीर्थ विश्वकर्मा ने बताया कि भाजपा नेता अजय सेठ की वैगनआर कार आए दिन आश्रम के शटर के बिल्कुल सामने खड़ी रहती है। कई बार मना करने के बावजूद वाहन हटाने के बजाय संबंधित व्यक्ति गाली-गलौज पर उतारू हो जाते हैं। मैनेजर के अनुसार, इस संबंध में पहले पुलिस हेल्पलाइन 112 पर सूचना दी गई थी। वहां से पुलिस चौकी पर शिकायत करने की सलाह दी गई।

इसके बाद 15 नवंबर को कछवां कस्बा पुलिस चौकी में अजय सेठ के नाम से लिखित शिकायत दी गई। मैनेजर का आरोप है कि शिकायत के बावजूद गांधी आश्रम के सामने कार खड़ी करने का सिलसिला जारी है।

रामतीर्थ विश्वकर्मा ने बताया कि वर्तमान समय में खादी के कपड़ों पर विशेष छूट चल रही है। इसके बावजूद दुकान के सामने कार खड़ी रहने से ग्राहक दुकान तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। ऐसी स्थिति में मजबूर होकर गांधी आश्रम की दुकान बंद करनी पड़ रही है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से दुकान के सामने वाहन खड़ा करने पर रोक लगाने और ग्राहकों के आवागमन का रास्ता खाली कराने की मांग की है।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!