विशेष अभियान दिवस पर बूथों के निरीक्षण को निकले एसडीएम चुनार
फोटोसहित
चुनार, मीरजापुर। विशेष अभियान दिवस पर उप जिलाधिकारी चुनार अनेग सिंह ने विधानसभा क्षेत्र का भ्रमण कर विभिन्न बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथों पर तैनात बीएलओ से मुलाकात की, उनके कार्यों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।एसडीएम ने बूथों पर मतदाता सूची से जुड़े कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन का कार्य पूरी पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से किया जाए। कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने बीएलओ को जागरूक किया और कार्यों के प्रति संवेदनशील रहने को कहा। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी बीएलओ घर-घर जाकर सत्यापन करें और फार्मों का निस्तारण समय से करें।
एसडीएम ने बूथों पर मूलभूत सुविधाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मतदान केन्द्रों पर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं। इस दौरान संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।





