मीरजापुर।
विंध्यवासिनी महाविद्यालय, भरुहना, मीरजापुर में आज स्नातक कला एवं मानविकी के अन्तिम सेमेस्टर के छात्र–छात्राओं का विदाई समारोह उनके जूनियर्स के द्वारा धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिले के वरिष्ठ चिकित्सक, समाजसेवी, महाविद्यालय के अध्यक्ष डॉ नीरज त्रिपाठी थे।
कार्यक्रम का शुभारम्भ मां सरस्वती की आराधना के साथ हुआ और छात्र–छात्राओं ने एक से बढ़ कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया। कार्यक्रम का सफल संचालन महाविद्यालय के छात्र हर्ष श्रीवास्तव एवं छात्रा स्नेहा ने किया।
उक्त अवसर पर छात्र–छात्राओं को संबोधित करते हुए डॉ नीरज त्रिपाठी ने कहा कि विदाई एक भावुक क्षण होता है लेकिन सही मायनों में ये अलविदा कहने का अवसर नहीं वरन् “फिर मिलेंगे” ये कहने का अवसर होता है। उन्होंने छात्र छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं। इतना ही नहीं उन्होंने आज सबके बीच स्व. महेन्द्र कपूर का प्रसिद्ध गीत”अभी अलविदा मत कहो दोस्तों…. गाकर अपनी गायन प्रतिभा से भी सबको चौंका दिया। एक वरिष्ठ चिकित्सक एवं समाजसेवी एक बेहतरीन गायक भी है आज वहां उपस्थित सभी लोगों को पता चला।
उक्त अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ प्रवीण सेठी ने भी छात्र–छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और आज महाविद्यालय की कक्षाओं में घटती छात्र–छात्राओं की संख्या पर अपनी चिन्ता व्यक्त की। उन्होंने वर्तमान में अध्ययनरत समस्त छात्र छात्राओं को कक्षाओं में आकर पढ़ने के लिए जोर दिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए छात्र–छात्राओं ने कई दिन घंटों कड़ी तैयारी की और इस तैयारी में महाविद्यालय की प्राध्यापिका डॉ श्रुति त्रिपाठी की अहम भूमिका रही जिसके लिए सभी ने उनकी सराहना की।



