0 राहत शिविर में पहुंचकर प्रभावित महिलाओं से वार्ता कर सुविधाओं के बारे में ली जानकारी, पीड़ितो को वितरित किया राहत/खाद्य सामाग्री पैकेट
0 किसी भी आपदा से निपटने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार कटिबद्ध-कोई भी पीड़ित राहत से वंचित न होेने पाएं: नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’
मीरजापुर। प्रदेश के मंत्री, औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन, एनआरआई एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग/जनपद के प्रभारी मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने सोमवार को जनपद भ्रमण के दौरान बाढ़ प्रभावित क्षेत्र कोन विकास खण्ड के ग्राम हरसिंहपुर, मल्लेपुर, श्रीपट्टी में मोटरबोट से विधायक नगर रत्नाकर मिश्र, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद श्याम सुन्दर केसरी, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के साथ भ्रमण कर बाढ़ के हालात को देखा। निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री ग्राम हरसिंहपुर के दलित बस्ती व नाई बस्ती में भी नाव से भ्रमण कर निरीक्षण किया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों से कहाकि बाढ़ प्रभावित फसलों व मकानों का सर्वे कराते हुए नियमानुसार पारदर्शिता के साथ मुआवजा मुहैया कराया जाए। मंत्री ने कहा कि प्रभावित/पीड़ित परिवारों को राहत सामाग्री व खाद्य सामाग्री का वितरण किया जाए। कोई भी प्रभावित व्यक्ति राहत से वंचित न रहने पाए, उदासीनता व लापरवाही पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
इसके पूर्व कैबिनेट मंत्री एस0के0 इण्टर कालेज श्रीपट्टी मवैया में स्थापित राहत शिविर का निरीक्षण किया तथा शिविर में रह रही बाढ़ प्रभावित महिलाओं से जिला प्रशासन द्वारा देय राहत सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। तत्पश्चात मंत्री व विधायक नगर के द्वारा हरसिंहपुर, मल्लेपुर व आस पास के प्रभावित ग्रामों/मजरो के परिवारो को राहत/खाद्य सामाग्री पैकेट का वितरण किया गया।
मंत्री ‘नंदी’ ने उपस्थित प्रेस प्रतिनिधियों से वार्ता के दौरान कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के क्रम में आज राहत शिविर का निरीक्षण कर लोगों को मुहैया कराई जा रही राहत सामग्रियों का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के कुशल मार्ग निर्देशन एवं मुख्यमंत्री के नेतृत्व में किसी भी आपदा से निपटने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार हर समय तैयार है। उन्होंने कहा कि राहत शिविर में कुछ ऐसी बुजुर्ग माताओं से मिला जिन्होंने 1978 की बाढ़ भी देखी है कुछ ऐसी महिलाएं जिन्होंने 2013 की बाढ़ देखी है सभी ने अपनी अपनी बातें बता रही थी इस बार जो खाद्य सामाग्री पैकट की त्वरित व्यवस्था प्रदेश सरकार द्वारा की गई है उसमें 26 तरह की सामाग्री हैं जिसमें आटा, दाल, चावल, तेल, नमक, हल्दी, धनिया, मिर्चा, सब्जी मसाला, नैपकिन, पालिथीन, तिरपाल, मोमबत्ती, माचिस, चना, लाई, आलू, कपड़ा धुलने एवं नहाने के लिए साबुन सहित अन्य सामग्रियां उत्तम गुणवत्ता की है प्रभावितों को वितरण किया गया। प्रभावित लोगों के चेहरे पर खुशी है कि उन्हें सरकार द्वारा इस आपदा के समय में उनके सुख सुविधाओं का ख्याल रखते हुए उनके आवश्यकता की सभी सामग्रियां प्रदान करते हुए राहत शिविरों में उन्हें सुरक्षित रखा गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी का नारा सबका साथ सबका विश्वास सबका विकास सबका प्रयास यह नारा नहीं बल्किक हमारा उद्देश्य है। उन्होंने कहा हमारा प्रयास है कि धरातल पर भी दिखाई दे इसके लिए हम व हमारी टीम, जिला प्रशासन के सभी अधिकारी कर्मचारी, हमारे विधायकगण पूरी टीम पूरी तरह से लगकर जिलाधिकारी के नेतृत्व में अच्छे से कार्य कर रही है। पशुओं के लिए हरा चारा, चोकर व उन्हें रखने के लिए उपयुक्त स्थल चिन्हित कर उन्हें वहां पर रखा गया है। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही जो लोग अभी फंसे हुए हैं उन्हें भी नाव, मोटर बोट के द्वारा निकाल कर राहत शिविरों में पहुंचाया जा रहा है। मंत्री ने कहा कि नुकसान हुई फसलों का नियमानुसार सर्वे कराते हुए प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा भी दिया जाएगा। उन्होंने ऐसे ग्रामीणों से अपील की है कि जिनका जर्जर मकान है उन्हें भी समझा बुझाकर राहत शिविर में लाया जा रहा है ताकि वे सुरक्षित जगह पर रहे व किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। सुरक्षा व्यवस्था हेतु पुलिस की चैकिया भी बनाई गई हैं, राजस्व व विकास विभाग के अधिकारी/कर्मचारी की टीम बाढ़ चैकियो पर तैनात है जो 24 घण्टा क्रियाशील हैं। इसके अलावा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रो में अधिकारी व कर्मचारी भ्रमण है यदि कही नाव या अन्य सामाग्री की आवश्यकता व कोई समस्या आती है बाढ़ कंट्रोल रूम नम्बर-5442-256357 व टोलफ्री नम्बर- 1077 पर अवगत कराएं तत्काल सहायता मुहैया कराई जाएगीं।
इस दौरान जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा ने बाढ़ प्रभावितों को दी जा रही सहायता, राहत शिविर आदि के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 अजय कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट विनीत उपाध्याय, उप जिलाधिकारी सदर गुलाब चन्द्र सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहें।



