News

माँ विन्ध्यवासिनी विश्वविद्यालय से सम्बद्ध तीन जनपदों में महज 657 विद्यार्थियों ने ही लिया प्रवेश

0 राजकीय एवं अनुदानित महाविद्यालयों में प्रवेश की संख्या अत्यंत नगण्य
0 कुलपति ने व्यक्त की नाराजगी, कहा- समर्थ पोर्टल के माध्यम से ही प्रवेश प्रक्रिया में लाएं तेजी
मीरजापुर।
गुरूवार, 07 अगस्त 2025 को माँ विन्ध्यवासिनी विश्वविद्यालय मीरजापुर की कुलपति प्रो० शोभा गौड़ द्वारा समर्थ पोर्टल के माध्यम से संचालित प्रवेश प्रक्रिया की समीक्षा की गई।
समर्थ पोर्टल पर विश्वविद्यालय से संबद्ध तीनों जनपदों मीरजापुर, सोनभद्र एवं भदोही के महाविद्यालयों में प्रवेश से संबंधित आंकड़े प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। उप कुलसचिव सुनील कुमार सरोज द्वारा समर्थ पोर्टल पर उपलब्ध महाविद्यालयों के प्रवेश आंकड़े प्रस्तुत किए गए, जिनके अनुसार इन तीनों जनपदों में मात्र 657 विद्यार्थियों ने ही प्रवेश लिया है।
उल्लेखनीय है कि राजकीय एवं अनुदानित महाविद्यालयों में प्रवेश की संख्या अत्यंत नगण्य पायी गयी। मीरजापुर नगर के दो प्रमुख महाविद्यालयों के0बी0पी0जी0 कॉलेज, मीरजापुर में प्रवेश शून्य तथा जी0डी0 बिनानी कॉलेज, मीरजापुर में मात्र 02 प्रवेश समर्थ पोर्टल पर प्रवेश हुए हैं। इसी प्रकार भदोही जनपद का प्रमुख महाविद्यालय- के0 एन0 राजकीय पी0जी0 कालेज ज्ञानपुर संत रविदास नगर, भदोही में प्रवेश शून्य व सोनभद्र जनपद का प्रमुख महाविद्यालय- राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ओबरा सोनभद्र में मात्र 02 प्रवेश समर्थ पोर्टल पर हुए है।
प्रवेश की इस स्थिति पर कुलपति प्रो० शोभा गौड़ ने गहरी अप्रसन्नता व्यक्त की तथा विश्वविद्यालय के अधिकारियों को निर्देशित किया कि संबंधित महाविद्यालयों को पत्र जारी कर समर्थ पोर्टल के माध्यम से ही प्रवेश में तेजी लाने की प्रक्रिया पूरी की जाय तथा महाविद्यालयों को इस तथ्य से भी अवगत कराया जाय कि शासन से प्राप्त निर्देशों के क्रम में महाविद्यालय में उन्हीं छात्र-छात्राओं का प्रवेश मान्य होगा, जिनका प्रवेश समर्थ पोर्टल पर हुआ है। समर्थ पोर्टल पर प्रवेशित छात्र ही विश्वविद्यालय द्वारा सम्पन्न करायी जाने वाली परीक्षा फार्म पूरित करने के लिए अर्ह होंगे। प्रवेश के सम्बन्ध में प्रवेश प्रक्रिया विश्वविद्यालय की वेबसाइट एचटीटीपी://एमवीवीयू.एसी.इन पर उपलब्ध है।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!