मीरजापुर। शुक्लहा स्थित ब्रह्माकुमारीज प्रभु उपहार भवन में शनिवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व अत्यंत भव्यता, धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला जज मोटर क्लेम सत्य प्रकाश तथा विशिष्ट अतिथि होमगार्ड कमांडेंट विंध्यवासिनी पाठक एवं सदर एसडीएम गुलाबचंद विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीराधे–कृष्ण की भव्य झांकी एवं बाल स्वरूप श्रीकृष्ण के दर्शन के साथ हुआ। परंपरा अनुसार दीप प्रज्वलन एवं आरती से वातावरण आध्यात्मिकता से ओतप्रोत हो उठा। तत्पश्चात अतिथियों का तिलक, बैज एवं चुनरी द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। बालकों एवं बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत नृत्य, नाटक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। सैकड़ों नगरवासियों ने कार्यक्रम का आनंद उठाया और मंत्रमुग्ध होकर आध्यात्मिक वातावरण में सराबोर हो गए।
मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों ने ब्रह्माकुमारीज के प्रति अपना गहरा लगाव व्यक्त करते हुए कहा कि “आध्यात्मिकता आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। ध्यान (Meditation) मानसिक शांति का अद्भुत साधन है और इसे जीवन का अभिन्न अंग बनाना चाहिए। इससे कार्यक्षेत्र में सफलता और जीवन में सुख-शांति प्राप्त होती है।”
बीके बिंदु दीदी ने विस्तार से जन्माष्टमी के आध्यात्मिक रहस्य पर प्रकाश डाला और बताया कि श्रीकृष्ण जन्म केवल ऐतिहासिक पर्व नहीं बल्कि आत्मा में परमात्म स्मृति का जागरण है। कार्यक्रम का संचालन बीके महिमा दीदी ने किया। इस अवसर पर भारी संख्या में नगरवासी एवं श्रद्धालु और ब्रह्माकुमारी से जुडे भाई बहने उपस्थित रहे और सभी ने आध्यात्मिक उमंग–उत्साह के साथ जन्माष्टमी पर्व का आनंद लिया।



