News

मंडल स्तरीय संस्कृत प्रतिभा खोज प्रतियोगिता मे अव्वल प्रतिभागी हुए सम्मानित

मीरजापुर।
उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थानम् के तत्वावधान में बुधवार, 20 अगस्त 2025 को मिर्जापुर मे मंडल स्तरीय संस्कृत प्रतिभा खोज प्रतियोगिता 2025 का आयोजन जी डी बिनानी स्नातकोत्तर महाविद्यालय मिर्जापुर में सकुशल सम्पन्न हुआ। जिसमें कक्षा 6 से लेकर स्नातकोत्तर के छात्र छात्राओं ने उत्साह पूर्वक प्रतिभाग किया। इस वर्ष इसमें संस्कृत गीत प्रतियोगिता, संस्कृत सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता (बाल एवम् युवा) एवं श्लोक अन्त्याक्षरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें भदोही, सोनभद्र एवं मिर्जापुर जनपद के छात्र छात्राएं प्रतिभाग किए। कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों द्वारा वाग्देवी सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन एवं शंखध्वनि से हुआ। वैष्णवी एवं श्री प्रभा ने सरस्वती वंदना एवं शांति तिवारी ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। महाविद्यालय के प्राचार्य एवं कार्यक्रम के अध्यक्ष प्रो ओम शंकर गुप्त ने अतिथियों का वाचिक स्वागत और सभी प्रतिभागियों को आशीर्वचन देते उन्हें शुभकामनायें प्रेषित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मिर्जापुर जनपद के जिला जज अरविन्द कुमार मिश्र, विशिष्ट अतिथि के रूप में अपर जिला जज विनय आर्य एवं बिनानी कॉलेज की पूर्व प्राचार्या प्रो वीना सिंह ने भी अपने विचार रखते हुए संस्कृत के प्रति गहरी निष्ठा को जागृत किया। मंडल संयोजक डॉ अखिलेश नारायण मिश्र ने बताया कि संस्कृत भाषा देवभाषा है और संपूर्ण सृष्टि का सृजन करने वाली भाषा है। संस्कृत भाषा भारत की सांस्कृतिक विरासत में अपना अद्वितीय स्थान रखती है। इसका वैज्ञानिक व्याकरण और समृद्ध साहित्य इसे अद्वितीय भाषा बनाता है। आज विज्ञान एवं तकनीकी के युग में संस्कृत भाषा सबसे वैज्ञानिक भाषा के रूप में अपनी उपादेयता सिद्ध करने में पूर्णतया सफल रही। अतः बिनानी कॉलेज के इस प्रांगण में आज गीत और ज्ञान का संगम हुआ जिसमें विद्वानों एवं छात्र-छात्राओं ने डुबकी लगाई। कार्यक्रम का संचालन डॉ ध्रुवजी पांडे के द्वारा किया गया। आज इस प्रतियोगिता में संस्कृत गीत प्रतियोगिता में मुस्कान सिंह ने प्रथम स्थान, अंकिता दुबे ने द्वितीय स्थान, राघव द्विवेदी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। संस्कृत सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता बाल वर्ग में सौम्या राय ने प्रथम स्थान, आनंद भूषण सिंह ने द्वितीय स्थान, पियूष कुमार तृतीय स्थान प्राप्त किया। संस्कृत सामान्य ज्ञान युवा वर्ग में आदर्श प्रथम स्थान, सौम्या मिश्रा द्वितीय, नम्रता उपाध्याय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। श्लोक अन्त्याक्षरी प्रतियोगिता में राजन तिवारी प्रथम स्थान, शुभम तिवारी द्वितीय एवं शनि दूबे नेतृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागियों को उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थानम् की ओर से प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान पाने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः 3000, 2000, 1000 रूपये की धनराशि उनके खाते में भेजी जायेगी। डॉ ऋचा, डॉ सुनीता पांडे एवं डॉ अरुण कुमार मिश्र संस्कृत गीत एवं श्लोक अन्त्याक्षरी प्रतियोगिता के तथा डॉ अशोक कुमार, विवेक कुमार पांडे एवं विकास मिश्र संस्कृत सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के निर्णायक रहें। कार्यक्रम में डॉ राजमोहन शर्मा, डॉ शशिधर शुक्ला, डॉ ऋषभ कुमार, डॉ अमित कुमार सिंह, वसीम अकरम अंसारी, शमीम अहमद, अभिषेक मौर्य, डॉ आशुतोष कुमार तिवारी, सुश्री दिव्या, श्रीमती अंकिता सिंह, आदि उपस्थित रहे।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!