मीरजापुर। जिले के मड़िहान थाना क्षेत्र में यूट्यूब चैनल संचालित करने वाली सरोज सरगम पर माँ दुर्गा के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों वाला गाना अपलोड किए जाने से हिंदू समाज में आक्रोश फैल गया। पिछले दिनो इसे लेकर विहिप जिलाध्यक्ष माता सहाय मिश्र के नेतृत्व मे एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन को पत्रक सौंपकर कार्रवाई की मांग की थी। फलत: मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी। सर्विलांस व साइबर टीम को भी विवेचना में लगाया गया।
जिले के एसएसपी सोमेन बर्मा ने बताया कि मंगलवार को देर शाम पुलिस ने मुख्य आरोपी सरोज सरगम और उनके पति सह-अभियुक्त राममिलन बिंद को गिरफ्तार कर लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि राममिलन बिंद ही ऐसे आपत्तिजनक वीडियो का निर्माण और निर्देशन करता था। सर्विलांस और साइबर टीम साक्ष्यों का विश्लेषण कर रही है, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।
इस दौरान एक तथ्य यह भी सामने आया कि सरोज सरगम ने करीब 15 बीघे से अधिक वन भूमि पर अवैध कब्जा कर रखा था। मंगलवार को जब तहसील की संयुक्त टीम पहुची तो उक्त कब्जा हटवाकर भूमि को मुक्त कराया। इस मामले में भी संबंधित विभाग द्वारा विधिक कार्यवाही सरोज सरगम के खिलाफ की जा रही है।
एसएसपी बर्मा ने स्पष्ट कहा है कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी और किसी भी सूरत में ऐसे तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा।



