0 प्रवेशित छात्रों की 75 प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए: कुलपति
मीरजापुर।
माँ विन्ध्यवासिनी विश्वविद्यालय, मीरजापुर में सोमवार को कुलपति प्रो० शोभा गौड़ की अध्यक्षता में प्रथम अंतरिम परीक्षा समिति की बैठक का आयोजन विश्वविद्यालय के सम्मेलन कक्ष में किया गया। बैठक का शुभारंभ समिति के सभी सम्मानित सदस्यों के परिचय के साथ हुआ।
बैठक में विश्वविद्यालय के आगामी प्रथम सेमेस्टर परीक्षा सत्र 2025-26 से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य परीक्षा प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से सम्पन्न कराना है, ताकि छात्रों को बेहतर अकादमिक वातावरण प्राप्त हो सके।
बैठक में जिन प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा हुई, उनमे दिसम्बर, 2025 में प्रथम सेमेस्टर परीक्षा सत्र 2025-26 में आयोजन, आयोजित होने वाली परीक्षा के स्वरूप, परीक्षा केन्द्रों के निर्धारण हेतु मुख्य मानकों, परीक्षा सम्पन्न कराने के लिए नोडल केन्द्रों के निर्धारण आदि पर विमर्श किया गया।
कुलपति प्रो० शोभा गौड़ ने कहा कि विश्वविद्यालय के प्रथम परीक्षा सत्र को सफल एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए समी आवश्यक तैयारियों की जा रही हैं। उन्होंने समिति के सदस्यों से परीक्षा प्रणाली में नवाचार और सुधार हेतु अपने अनुभवों एवं सुझावों को साझा करने का आह्वान किया। साथ ही उनके द्वारा राज्यपाल उ०प्र० सरकार के निर्देशानुसार प्रवेशित छात्रों की 75 प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने हेतु सभी महाविद्यालयों को निर्देशित किया गया। बैठक के अंत में धन्यवाद ज्ञापन करते हुए यह निर्णय लिया गया कि अध्यक्ष की अनुमति से भविष्य में अन्य बिंदुओं पर भी आवश्यक विचार-विमर्श किया जाएगा।
बैठक मे कुलसचिव प्रोफेसर राम नारायण सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



