News

लोक आस्था और उत्साह के महापर्व छठ पर एनसीआर भो तैयार छठ गीतों से गूज रहे उत्तर मध्य रेलवे के रेलवे स्टेशन

विमलेश अग्रहरि, मीरजापुर।
लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ के अवसर पर जब घर लौटने की उमंग से रेलवे स्टेशन आस्था और उल्लास से भर उठते हैं, तब उत्तर मध्य रेलवे ने अपनी बेहतरीन तैयारियों से यह सुनिश्चित कर रहा कि हर यात्री सुरक्षित, सहज और समय पर अपनी मंज़िल तक पहुँचे। इस पर्व की विशेषता ही है कि लोग अपने घर लौटते समय एक दूसरे के सुख-शांति की कामना करते हैं। इस भावनात्मक और सामाजिक जुड़ाव के बीच उत्तर मध्य रेलवे ने इस बार यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सहजता सुनिश्चित करने के लिए विशेष तैयारियाँ की हैं।

मंगीला हम वरदान हे गंगा मइया
छठी माई के करब हम वरतिया
काँच ही बाँस के बहंगिया
केलवा के पात पर उगेलन सुरुजदेव पहिले पहिल हम कईनी छठ के बरतिया
पटना के घाट पर हमहूँ अरगिया देहब हे छठी मैया
कौने खेत जन्मल धान सुधान हो,

जैसे प्रसिद्ध छठ पूजा के गीत एनसीआर के 39 से अधिक रेलवे स्टेशनों की उद्घोषणा प्रणालियों से गूंज रहे हैं, जो न केवल यात्रियों के मन को छूने वाला अनुभव बन रहा है, बल्कि उन्हें बिहार की सोंधी संस्कृति से भी जोड़ रहा है। इस वर्ष भारतीय रेल ने छठ के इस अवसर को और भी खास बना दिया है। विशेषकर महिला यात्रियों को इन गीतों को गुनगुनाते हुए भी देखा जा सकता है।

 बता दे कि भारतीय रेल ने इस प्रकार का प्रयोग पहली बार किया है। हर साल छठ पूजा के दौरान लाखों की संख्या में बिहार और उत्तर भारत के विभिन्न हिस्सों में लोग अपने घरों की ओर लौटते हैं। अपने परिवार संग छठ पूजा मनाने जाने वाले लोगों के लिए इस वर्ष भारतीय रेल ने 12000 से अधिक विशेष ट्रेनो तथा हजारों नियमित ट्रेनों के माध्यम से यात्रियों को उनके घर शहर पहुंचने का जिम्मा लिया है और सफलतापूर्वक अतिरिक्त सुविधाएं प्रदान करते हुए यात्रियों को उनके गंतव्य स्थान तक पहुंचाया है। लेकिन स्टेशनों पर स्टेशन उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से छठ के गीतों के साथ यात्रियों का स्वागत शायद पहली बार हो रहा है।

 यह कोशिश अपने आप में विशिष्ट है और दूर दराज से आने वाले यात्रियों को बिहार की सोंधी संस्कृति से जोड़ रही है।
उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल के अलीगढ़ जंक्शन, इटावा जंक्शन, झिंझक, कानपुर सेंट्रल, खुर्जा जंक्शन, मिर्ज़ापुर, विंध्याचल, टुंडला जंक्शन, फफूंद, सिराथू, प्रयागराज छिवकी, फिरोजाबाद, नैनी जंक्शन, शिकोहबाद जंक्शन, गोविंदपुरी, प्रयागराज जंक्शन, मानिकपुर जंक्शन, चुनार जंक्शन, पनकी धाम, शंकरगढ़, डभौरा, फतेहपुर, सूबेदारगंज, भरवारी, कानपुर अनवरगंज एवं रूरा आदि स्टेशनों पर, झाँसी मंडल के वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी, ग्वालियर, चित्रकूट, छतरपुर, उरई, टीकमगढ़ एवं खजुराहो आदि स्टेशनों पर एवं आगरा मंडल के आगरा फोर्ट, आगरा कैंट, राजा की मंडी, मथुरा, ईदगाह एवं धौलपुर सहित 39 से अधिक रेलवे स्टेशनों पर छठ के गीत बजाए जा रहे हैं।

 रेलवे के इस प्रयोग से छठ पूजा के लिए जा रहे यात्री विशेष कर महिला यात्री खुशी व्यक्त कर रही हैं। लोक आस्था का महान पर्व छठ लोकगीतों के बिना अधूरा है। छठ घाटों की ओर जाने वाली महिलाएं समूह में छठ के गीत गाते चलती हैं और छठी मैया से अपने, परिवार, समाज और देश के लिए आशीष मांगती हैं। दूर दराज से ट्रेन पड़कर आ रहे यात्रियों की ट्रेन जब उनके रेलवे स्टेशन पर पहुंची, तो यात्रियों को छठ के गीत सुनाई पड़ने लगे।

 

तीनों मण्डल स्तर पर यात्री सुविधाओं संबंधित विशेष इंतजाम किये गए हैं। प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त टिकट काउंटर, यात्री सहायता केंद्र एवं “May I Help You” बूथ स्थापित किए गए हैं, जहाँ यात्रियों को यात्रा संबंधी त्वरित जानकारी और मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है। साथ ही, 139 हेल्पलाइन नंबर पर सहायता मांगे जाने पर यात्रियों को तत्काल टीटीई, मेडिकल किट या डॉक्टर की सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि त्वरित चिकित्सा सहायता सुनिश्चित हो सके।

प्रयागराज, झाँसी और आगरा मण्डल सहित मुख्यालय स्तर पर ‘डिविजनल वॉर रूम’ स्थापित किए गए हैं, जहाँ आरपीएफ, रेल मदद एवं वाणिज्य विभाग की संयुक्त टीमें लगातार निगरानी रख रही हैं। यात्रियों की सहायता के लिए अतिरिक्त सुरक्षा कर्मी तैनात किए गए हैं तथा प्रत्येक स्टेशन पर पीए सिस्टम के माध्यम से नियमित सूचना प्रसारण सुनिश्चित किया गया है।

 छठ महापर्व के पावन अवसर पर उत्तर मध्य रेलवे न केवल यात्रियों को सुरक्षित पहुँचाने का दायित्व निभा रहा है, बल्कि उनके उत्साह और भक्ति में सच्चे मन से सहभागी भी बन रहा है।स्टेशन परिसर में गूंजते छठ गीत, यात्रियों की मुस्कान और रेलवे कर्मियों की तत्परता – यह सभी मिलकर एक ऐसा दृश्य प्रस्तुत करते हैं, जो केवल यात्रा नहीं, बल्कि त्योहार का अनुभव भी प्रदान करता है।
उत्तर मध्य रेलवे यात्रियों से अपील करता है कि वे रेलवे कर्मियों द्वारा दी जा रही हिदायतों का पालन करें और यात्रा के दौरान संयम बनाये रखें, ताकि आपकी यात्रा सुरक्षित, सुगम एवं आनंदमय हो।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!