0 विराट और विस्तृत भारत के निर्माण में लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल का है अतुलनीय योगदान: नन्दी
0 सभी विधानसभा क्षेत्रों में होगा पदयात्राओं का आयोजन
0 कैबिनेट मंत्री ने जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित सभी अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए तैयारियों के सम्बंध में दिया आवश्यक दिशा निर्देश
मीरजापुर। औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन, एनआरआई एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग एवं जनपद के प्रभारी मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’ ने सोमवार को जनपद भ्रमण के दौरान जिला पंचायत सभागार में राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रतीक भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती समारोह भव्य एवं हर्षोल्लास के साथ मनाए जाने के दृष्टिगत जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा सहित सभी सम्बन्धित अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए तैयारियो के सम्बंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिया। बैठक में विधायक मड़िहान रमांशकर सिंह पटेल, अध्यक्ष जिला पंचायत राजू कनौजिया, जिलाध्यक्ष बृज भूषण सिंह, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद श्याम सुन्दर केसरी, सांसद राज्यसभा के प्रतिनिधि धंनजय पाण्डेय के अलावा मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 अजय कुमार सिंह सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहें।
बैठक मे मंत्री नन्दी जी ने कार्यक्रम की विस्तृत रूप रेखा के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि भारत रत्न लौहपुरूष सरदार बल्लभ भाई पटेल की 150वीं जंयती समारोह अभियान भव्य एवं विस्तृत स्तर पर ‘‘एक भारत, आत्म निर्भर भारत’’ की थीम पर मनाए जाने का निर्णय खेल मंत्रालय एवं युवा कल्याण मंत्रालय भारत सरकार तथा प्रदेश सरकार के द्वारा मनाए जाने का निर्णय लिया गया है।
नन्दी ने कहाकि आज हम जिस विराट और विस्तृत भारत का स्वरुप देख रहे हैं, इसके निर्माण में देश के पहले गृहमंत्री लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल जी का अतुलनीय योगदान है। छोटी-बड़ी 565 रियासतों का एकीकरण करके ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना की आधारशिला रखने वाले सरदार पटेल की 150वीं जयन्ती हम सभी आगामी 31 अक्टूबर 2025 को मनाने जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि सरदार एट 150 यूनिटी मार्च का आयोजन दो चरणों में किया जायेगा। प्रथम चरण 31 अक्टूबर 2025 से 25 नवम्बर 2025 तक चलेगा। जिसमें सभी जनपदों, लोकसभा क्षेत्रों और विधानसभा क्षेत्रों में पदयात्रा आयोजित होगी। जनपद मीरजापुर की पाचों विधानसभाओं में पदयात्राओं का आयोजन अलग-अलग तिथियों में किया जायेगा। इसमें एनसीसी और एनएसएस के कैडेट्स और आमजन की भागीदारी होगी। 08 से 10 किलोमीटर लम्बी और पाॅंच दिवसीय पदयात्रा के दौरान तमाम जन जागरूकता अभियान भी चलाये जायेंगे।
उन्होंने कहा कि मुख्य रूप से स्वच्छता अभियान, सरदार पटेल की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण, उनके जीवन पर आधारित संगोष्ठी, नुक्कड़ नाटक, स्वदेशी मेला आदि का आयोजन किया जायेगा। ‘यात्रा के दूसरे और अन्तिम चरण में राष्ट्रीय पदयात्रा आयोजित होगी। 152 किलोमीटर लम्बी यह यात्रा उनके जन्मस्थान करमसद से शुरू होकर स्टेच्यू आफ यूनिटी केवड़िया में समाप्त होगी। यह यात्रा 26 नवम्बर 2025 से आरम्भ होकर 06 दिसम्बर 2025 तक चलेगी। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि यह संपूर्ण अभियान इस देश को एकता के सूत्र में पिरोने वाले सरदार पटेल जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। 140 करोड़ भारतीय उनके अतुलनीय योगदान को 150वीं जयंती पर श्रद्धा और सम्मान से याद कर रहे हैं। मा0 प्रधानमंत्री जी की मंशा एवं संकल्प के अनुरूप सरदार पटेल की स्मृति को नमन करने के लिए 150वीं जयंती समारोह अभियान का आरम्भ 31 अक्टूबर 2025 से होगा। यह अभियान देश के नागरिकों विशेष रूप से युवा वर्ग में सरदार पटेल के अतुलनीय योगदान के प्रति कृतज्ञता और सम्मान का भाव जागृत करने, उन्हें राष्ट्रीय हितों और एकता के प्रति संकल्पित करने के उद्देश्यों को समर्पित है। औद्योगिक विकास मंत्री ने कहा कि इस दौरान युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा माई भारत पहल के अंतर्गत स्कूलो व कालेजो में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इसमें मुख्य रूप से सोशल मीडिया रील प्रतियोगिता, निबंध प्रतियोगिता, पेंटिग प्रतियोगिता आदि शामिल हैं।
कैबिनेट मंत्री ने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आयोजित कार्यक्रम के तैयारियो के सम्बंध में सम्बन्धित विधायकगण व अन्य पदाधिकारियों के साथ सम्बन्धित अधिकारी आपस में समन्वय स्थापित कर तय कार्यक्रमो के मार्गो, स्थलों का निरीक्षण पहले से सुनिश्चित कर ले। पदयात्रा मार्गो पर सड़क गड्ढा मुक्त हो रास्ते में ढीले तारों को दुरूस्त कर दिया जाए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा मेडिकल टीम व एम्बुलेंस यात्रा में शामिल रहे यात्रा के दौरान बीच-बीच में प्रत्येक दो-दो किलोमीटर पर पेयजल आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करा दी जाए। चैराहो पर आवश्यकतानुसार ट्रैफिक, पुलिस व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था हेतु बीच-बीच में पुलिस बल की तैनाती की जाए। उन्होंने कहा कि पदयात्रा के दौरान यात्रा जुलूस मे केवल एम्बुलेंस के अलावा किसी भी प्रकार की छोटे व बड़े वाहन यथा कार, आटो, ई रिक्शा, मोटरसाइकिल भी शमिल नहीं होंगे। पदयात्रा के दौरान यात्रा में शामिल होने वाले पदाधिकारियों, गणमान्य नागरिको के हाथ केवल तिरंगा झण्डा के अलावा और किसी भी पार्टी अथवा अन्य का झण्डा नही लिया जाएगा। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि एनसीसी, एनएसएस व स्काउट के बच्चो को साफ सुथरा ड्रेस के साथ यात्रा मे शामिल किया जाए। पदायात्रा व अन्य कार्यक्रमो के लिए जो भी अनुमति व स्वीकृति जिला प्रशासन द्वारा दी जानी है उसे समय से निर्गत कर दिया जाए।
जिलाध्यक्ष बृजभूषण सिंह ने लौहपुरूष सरदार पटेल के 150वीं जयंती के अवसर पर जनपद मे तिथिवार आयोजित कार्यक्रमो के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 31 अक्टूबर 2025 से 06 दिसम्बर 2025 तक विविध कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे। उन्होंने बताया कि 31 अक्टूबर 2025 को सभी विधानसभाओं में रन फार यूनिटी कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा तथा उसी दिन बिनानी चैराहा भरूहना पर स्थापित सरदार पटेल जी के प्रतिमा पर प्रातः 7 बजे माल्यार्पण व श्रद्धांजलि कार्यक्रम के उपरान्त रन फार यूनिटी कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जो सिटी क्लब में जाकर समापन होगा, जिसमें स्पोर्ट व नागरिकगण शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि सभी प्रमुख मार्गो मे नागरिको द्वारा मानव श्रृंखला बनाकर सरदार पटेल जी को श्रंद्धाजलि अर्पित की जाएगी। विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं में 1 नवम्बर 7 नवम्बर 2025 के मध्य कालेजो, स्कूलो में विभिन्न वर्ग के छात्र-छात्राओ के द्वारा भाषण प्रतियोगिता, रंगोली प्रतियोगिता, चित्र कला प्रतियोगिता आदि का आयोजन किया जाएगा।
जनपद के लोकसभा क्षेत्रान्तर्गत पाॅंचो विधानसभाओ में आयोजित होने वाले रन फार यूनिटी कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए जिलाध्यक्ष ने बताया कि चुनार विधानसभा में 8 नवम्बर 2025 को परेड ग्राउंड चुनार से पदायात्रा का प्रारम्भ किया जाएगा, जो चुनार नगर क्षेत्र के विभिन्न मार्गो से होते हुए पी0एन0डी0 इण्टर कालेज मे समापन होगी जिसकी कुल पदयात्रा की दूरी 08 किलोमीटर होगी। दिनांक 10 नवम्बर 2025 को मझवां विधानसभा अन्तर्गत गाॅंधी इण्टर कालेज कछंवा से प्रारम्भ होकर 08 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए राजकीय बालिका इण्टर कालेज कछंवा मे जाकर पदयात्रा का समापन किया जाएगा। विधानसभा छानबे मे दिनांक 14 नवम्बर 2025 को सरदार पटेल तिराहा तिलाव से लालगंज तक, विधानसभा नगर मे 17 नवम्बर 2025 को सरदार पटेल चैराहा भरूहना से पदायात्रा प्रारम्भ होकर नगर के विभिन्न मोहल्लो/मार्गो से होते हुए रामचन्द्र शुक्ल पार्क मे जाकर समापन किया जाएगा तथा मड़िहान विधानसभा मे 30 नवम्बर 2025 को पटेल प्रतिमा देवपुरा से प्रारम्भ होकर ददरा पहाड़ी मे जाकर समापन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रत्येक पदयात्रा 8 किलोमीटर तक दूरी होगी तथा प्रत्येक एक किलोमीटर पर जल जलपान हेतु कुछ समय तक पदायात्रा का ठहराव करते हुए पुनः आगे के लिए रवाना कर दिया जाएगा।
इसके पूर्व कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल ‘नन्दी’ जी द्वारा भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय पर प्रेस प्रतिनिधियो से वार्ता करते हुए लौह पुरूष सरदार पटेल की 150वीं जयंती समारोह आयोजन के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर जिला मीडिया प्रभारी भाजपा ज्ञान प्रकाश दूबे, सह मीडिया प्रभारी प्रणेश प्रताप, संजय यादव व अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहें।



