मीरजापुर। अग्रणी सामाजिक संस्था “के. एस. पी. ट्रस्ट” की ओर से एक शोकसभा स्थानीय बरियाघाट स्थित श्री चित्रगुप्त मंदिर पर संपन्न हुई, जिसमें ट्रस्ट के सांस्कृतिक प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय प्रमुख “पद्मश्री” श्रीमती उर्मिला श्रीवास्तव के चाचा यशःकायी कमला शंकर श्रीवास्तव के निधन पर दो मिनट का मौन रख कर उनकी आत्मा के शांति हेतु प्रार्थना की गई।
ज्ञातव्य हो कि कमला शंकर श्रीवास्तव पूर्व मुख्यमंत्री व वर्तमान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के जिला अध्यक्ष के कार्यकाल में जिला महामंत्री रह चुके थे, साथ ही संघ के आनुषंगिक संगठन “सहकार भारती” के राष्ट्रीय महासचिव जैसे गुरूतर दायित्व का भी निर्वहन किए और इन तमाम सामाजिक गतिविधियों के साथ ही अपने अध्यापकीय दायित्वों से भी उन्होंने कभी मुंह नहीं मोड़ा।
शोक सभा में ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. शक्ति श्रीवास्तव ने कहा कि बड़े ही विनम्र व मधुर स्वभाव के विशाल हृदय वाले स्व. कमला शंकर श्रीवास्तव का निवास पूर्वांचल में आपात काल के खिलाफ क्रांति का एक बड़ा केंद्र रहा है, जहां पर देश के बड़े – बड़े राजनैतिक सूरमा गुप्त बैठकें कर रणनीति को अंजाम दिया करते थे।
उक्त शोकसभा में मुख्य रूप से एड. दिलीप श्रीवास्तव, डॉ. शक्ति श्रीवास्तव, रजत श्रीवास्तव, शिवम श्रीवास्तव, सुशील श्रीवास्तव, मनोज चित्रांश, विनय श्रीवास्तव, अनिल चन्द्र श्रीवास्तव, आशीष श्रीवास्तव, एड. सुधांशु श्रीवास्तव, सिद्धार्थ कृष्ण, अखिलेश श्रीवास्तव, अनूप श्रीवास्तव, महेन्द्र श्रीवास्तव, दीपक श्रीवास्तव, दिव्यांश श्रीवास्तव, यश शेखर व आयुष श्रीवास्तव इत्यादि शामिल रहे।



