0 विंध्याचल स्टेशन पर ठहराव का कैबिनेट मंत्री प्राविधिक शिक्षा, उपभोक्ता संरक्षण एवं बाट माप, उत्तर प्रदेश आशीष पटेल ने हरी झंडी दिखाकर किया शुभारम्भ
मीरजापुर। शनिवार, 8 नवंबर 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने बनारस से 4 नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का शुभारंभ किया इनमें से बनारस-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस के अतिरिक्त अन्य तीन 3 ट्रेन लखनऊ-सहारनपुर वंदे भारत, फिरोज़पुर-दिल्ली वंदे भारत एवं एरणाकुलम-बेंगलुरु वंदे भारत का वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया।
इस अवसर पर प्रयागराज मंडल के विंध्याचल स्टेशन पर आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में मुख्य अथिति माननीय कैबिनेट मंत्री प्राविधिक शिक्षा, उपभोक्ता संरक्षण एवं बाट माप, उत्तर प्रदेश श्री आशीष पटेल ने बनारस-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस के विंध्याचल स्टेशन पर ठहराव का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया।

कार्यक्रम के प्रारम्भ में मण्डल रेल प्रबंधक/प्रयागराज, रजनीश अग्रवाल ने माननीय कैबिनेट मंत्री प्राविधिक शिक्षा, उपभोक्ता संरक्षण एवं बाट माप, उत्तर प्रदेश श्री आशीष पटेल का प्लांटर एवं शाल देकर स्वागत किया। इसी क्रम में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, प्रयागराज मंडल श्री हरिमोहन ने मंच पर उपस्थित अन्य गणमान्य अथितियों का प्लांटर एवं शाल देकर स्वागत किया।

इस अवसर पर उपाध्यक्ष पिछड़ा वर्ग राज्य आयोग सोहन लाल श्रीमाली, विधायक/मिर्जापुर, रत्नाकर मिश्रा, विधायक/छानबे, श्रीमती रिंकी कोल, जिला पंचायत अध्यक्ष/मिर्जापुर राजू कनौजिया, नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुन्दर केशरी सहित जिलाधिकारी मिर्जापुर पवन गंगवार एवं रेल प्रशासन और जिला प्रशासन के अधिकारीगण, गणमान्य जनप्रतिनिधि, और आपार जनसमूह उपस्थित रहा।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित करते हुये कर्यक्रम के मुख्य अथिति कैबिनेट मंत्री, प्राविधिक शिक्षा, उपभोक्ता संरक्षण एवं बॉंट माप, उत्तर प्रदेश, श्री आशीष पटेल जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का धन्यवाद किया और माननीय रेलमंत्री अश्वनी वैष्णव जी का भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आम जनता की अपेक्षाओं की ट्रेन बनारस-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस का उनके क्षेत्र में पड़ने वाले विंध्याचल स्टेशन पर ठहराव किया गया है । वंदे भारत एक्सप्रेस में सुखद एवं आरामदायक यात्रा के लिए सुविधाएं प्रदान की गई हैं ।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की परिकल्पना ने रेल यात्रा को बदल दिया है। जो अछूते स्थान थे उनको भी रेल के माध्यम से जोड़ने का काम किया गया है। जिससे उन स्थानों पर जाने के लिए अब पहले से भी आधा समय लगेगा। वंदे भारत ट्रेन वाराणसी से चलकर विंध्याचल, प्रयागराज छिवकी, चित्रकूट धाम, बांदा, महोबा, होते हुए खजुराहो जाएगी।
ट्रेन से बुंदेलखंड के क्षेत्र को जोड़ने का काम किया जा रहा है। रेलवे द्वारा मिर्जापुर के कई उपलब्धि दी गई है जिसके अंतर्गत विंध्याचल, मिर्जापुर , चुनार रेलवे स्टेशन का अमृत भारत योजना से कायाकल्प किया जा रहा है। इसके अलावा स्टेशन पर फुट ओवर ब्रिज का भी निर्माण कराया गया है। इस बदलते मिर्जापुर की छवि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार है।

इस अवसर पर मण्डल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि आज का यह दिन प्रयागराज मंडल और विंध्याचल क्षेत्र के लिए दोहरी खुशी लेकर आया है —
एक ओर हमारे वंदे भारत एक्सप्रेस का ठहराव विंध्याचल स्टेशन पर आरंभ हो रहा है, और दूसरी ओर, हम राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” के 150 वर्ष पूरे होने का गर्वमय उत्सव भी मना रहे हैं।
“वंदे मातरम्” केवल एक गीत नहीं, बल्कि यह हमारी राष्ट्रीय चेतना, स्वाभिमान और एकता का प्रतीक है —
और आज, इसी भावना से ओतप्रोत “वंदे भारत एक्सप्रेस” का विंध्याचल से होकर गुजरना, सचमुच, भारत की प्रगति यात्रा का सजीव प्रतीक है।
प्रयागराज मंडल सदैव भारतीय रेल के तकनीकी नवाचार और संरक्षा के क्षेत्र में अग्रणी रहा है। हमारे 750 किलोमीटर लंबे स्वचालित ब्लॉक सिग्नलिंग सेक्शन में प्रतिदिन 157 ट्रेनें 130 किमी प्रति घंटे की अधिकतम गति से संचालित होती हैं, जिनमें वंदे भारत और राजधानी जैसी प्रीमियम सेवाएँ शामिल हैं।
इस वर्ष मंडल में यात्रियों की सुविधा हेतु 9 नए पैदल उपरिगामी पुल बनाए गए हैं, मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर 32 एस्केलेटर और 55 लिफ्टें कार्यरत हैं, और अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत 16 स्टेशनों का विकास कार्य प्रगति पर है।
विंध्याचल स्टेशन भी ₹21.39 करोड़ की लागत से आधुनिक रूप में पुनर्विकसित किया गया है, जहाँ नई स्टेशन बिल्डिंग, विस्तृत सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग, 12 मीटर चौड़ा FOB तथा अत्याधुनिक यात्री सुविधाएँ विकसित की गई हैं। आज लोकार्पित वाराणसी–खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस का ठहराव हमारे मण्डल में विंध्याचल और प्रयागराज छिवकी स्टेशनों पर होगा।
यह वातानुकूलित, तीव्रगामी ट्रेन न केवल यात्रियों को आधुनिक सुविधा देगी, बल्कि वाराणसी, प्रयागराज और खजुराहो जैसे धार्मिक व पर्यटन स्थलों के बीच आर्थिक, सांस्कृतिक और पर्यटनिक समृद्धि का सेतु बनेगी।
इस शुभारंभ के साथ प्रयागराज मंडल से संचालित वंदे भारत ट्रेनों की संख्या अब छह हो गई है —जो हमारे लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी और माननीय रेल मंत्री जी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारतीय रेल आज नई गति, नई तकनीक और नई सोच के साथ “वंदे मातरम्” की भावना को साकार कर रही है।
कार्यकम में प्रयागराज में आयोजित निबंध, ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताओ में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन राजेंद्र तिवारी ने किया ।



