मीरजापुर। राज्य महिला आयोग उत्तर प्रदेश की उपाध्यक्ष चारु चौधरी ने जिले के छानबे ब्लॉक स्थित कस्तूरबा आवासीय विद्यालय, शिवपुर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र, पटेंगरा नाला विंध्याचल स्थित वृद्ध आश्रम में भ्रमण किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
साथ ही उन्होंने विंध्याचल स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया, जहां कई खामियां पाई गयीं। अधिकारियों को तुरंत निर्देशित किया कि वह तत्काल समस्याओं का निस्तारण करें। उन्होंने कस्तूरबा विद्यालय की पढ़ाई की व्यवस्था को और दुरुस्त करने के लिए निर्देशित किया। कस्तूरबा विद्यालय में ताइक्वांडो प्रशिक्षित लड़कियों का उन्होंने उत्साहवर्धन किया और उसकी सराहना की।
वृद्ध आश्रम और कस्तूरबा विद्यालय के खाने की व्यवस्था की तारीफ कर व्यवस्थाधिकारियों को शाबाशी भी दी।
साफ सफाई पर और ज्यादा काम करने की जरूरत बताई। श्रीमती चौधरी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र विंध्याचल में अधीक्षक की अनुपस्थिति व डॉक्टरों की लापरवाही, मरीज के लिए समुचित व्यवस्थाओं के नदारत होने को लेकर सीएमओ, मिर्जापुर को फोन करके तत्काल व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिये।
इससे पूर्व उन्होंने विंध्याचल मंदिर जाकर मां विंध्यवासिनी के चरणों में माथा ठेका और मां का आशीर्वाद लिया।
दिन भर जिले में श्रीमती चौधरी ने भ्रमण करके जिले में तमाम सेंटरों की व्यवस्थाओं को देखा, सरकार की योजनाओं का जायजा लिया। उनके साथ डीपीओ शक्ति त्रिपाठी, वन स्टॉप सेंटर की इंचार्ज पूजा मौर्य, सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन शैलेंद्र अग्रहरी, अनुज उमर, शारदा जायसवाल भी संग रहे।



