News

भाजपा पदाधिकारियों की शिकायत पर हटाए गए शहर कोतवाल एवं पड़री थानाध्यक्ष; ग्राम विकास अधिकारी दुबरा पहाड़ी के खिलाफ भी हुई कार्रवाई

0 प्रभारी मंत्री नन्दी ने शिकायत को गम्भीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई का दिया था आदेश
मीरजापुर।
भाजपा की डबल इंजन सरकार में संगठन के साथ ही पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का स्थान प्रमुख है। उनके सम्मान में मनमानी बर्दास्त नहीं की जाएगी। जनपद मिर्जापुर के प्रभारी मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने गुरूवार को आयोजित कोर कमेटी की बैठक में जनपद के अधिकारियों को यही संदेश दिया। भाजपा पदाधिकारियों की शिकायत पर मंत्री नन्दी ने कोर कमेटी की बैठक में शहर कोतवाल, पड़री थानाध्यक्ष के साथ ही दुबरा पहाड़ी में तैनात ग्राम विकास अधिकारी को तत्काल प्रभाव से हटाने का आदेश दिया, जिसका अनुपालन करते हुए गुरूवार की देर रात में ही कार्रवाई का आदेश जारी किया गया। गुरूवार को अष्टभुजा डाक बंगला में प्रभारी मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी की अध्यक्षता में कोर कमेटी की बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें जनपद के सभी प्रमुख जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं अधिकारीगण मौजूद थे। मीटिंग के दौरान ही भाजपा नगर पूर्वी अध्यक्ष डॉली अग्रहरि ने शहर कोतवाल द्वारा अपने अधिकारों का दुरूपयोग करते हुए भाजपा के मंडल महामंत्री सुनील मोदनवाल को थाने पर बैठाए जाने एवं उनके जमीन पर ही कुछ दबंग लोगों द्वारा कब्जा किए जाने की शिकायत की। यहां तक की भू माफिया द्वारा जान से मारे जाने की धमकी दिए जाने की भी जानकारी दी। भाजपा पदाधिकारी की यह बात सुनते ही प्रभारी मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने सख्त रूरू अपनाते हुए अधिकारियों को कड़ा संदेश दिया कि संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ दुर्व्यवहार, अभद्रता एवं नियम विरूद्ध कार्य को कत्तई बर्दास्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान पड़री थानाध्यक्ष के विरूद्ध भी नियम विरूद्ध कार्य किए जाने की शिकायत की गई। जिसका साक्ष्य भी सामने रखा गया। जिस पर मंत्री नन्दी ने बैठक में मौजूद पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा को तत्काल सम्बंधित थानाध्यक्षों के खिलाफ कार्रवाई का आदेश दिया। प्रभारी मंत्री के आदेश का पालन करते हुए पुलिस अधीक्षक ने गुरूवार को ही कार्रवाई करते हुए प्रभारी निरीक्षक कोतवाली शहर नीरज कुमार पाठक एवं प्रभारी निरीक्षक पड़ी थाना अजीत कुमार सिंह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए स्थानांतरण का आदेश जारी किया।

कोर कमेटी की बैठक में ही ग्राम विकास अधिकारी दुबरा पहाड़ी राजाराम द्वारा मनमानी तरीके से कार्य करने एवं भाजपा पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की शिकायत की गई। जिस पर प्रभारी मंत्री ने ग्राम विकास अधिकारी को हटाए जाने का आदेश दिया था। प्रभारी मंत्री के आदेश का पालन करते हुए ग्राम पंचायत राज अधिकारी संतोष कुमार ने ग्राम विकास अधिकारी राजाराम का स्थानांतरण दुबरा पहाड़ी से अन्यत्र कर दिया।

मंत्री नन्दी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी ही संगठन की रीढ़ हैं। उनके सम्मान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसलिए अधिकारी संगठन के लोगों की बातों को सुनें और न्यायोचित कार्रवाई करें।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!