मीरजापुर। कटरा कोतवाली क्षेत्र मे युवती के घर में घुसे मुस्लिम युवक ने युवती पर ब्लेड से गले और हाथ की नस पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में परिजन युवती को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां स्थिति नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उसे बीएचयू वाराणसी के ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। परिजन का आरोप है कि आरोपी युवक उस पर धर्म परिवर्तन कराने और शादी के लिए लंबे समय से दबाव बना रहा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने सात लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच में जुट गई है।
वारदात मिर्जापुर की कटरा कोतवाली क्षेत्र के गणेशगंज मोहल्ले में हुई। स्थानीय लोगों के मुताबिक अचानक मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई जब एक युवती लहूलुहान हालत में बाहर निकलकर मदद की गुहार लगाने लगी। उसको खून से लथपथ देखकर आसपास के लोग तुरंत उसके परिजनों को सूचना देने दौड़े। परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल जिला मंडलीय अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को गंभीर बताते हुए वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। परिजन ने आरोप लगाया है कि युवक एक विशेष समुदाय से ताल्लुक रखता है और वह युवती पर जबरन धर्म परिवर्तन कराने तथा उससे विवाह करने का दबाव डाल रहा था। परिजन पहले भी इस मुद्दे पर चिंता जता चुके थे, लेकिन घटना ने स्थिति को और भयावह बना दिया।
सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक (सिटी) पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने परिजनों से बातचीत की और मामले के तथ्यों की जानकारी ली। अधिकारी ने बताया कि युवती पर ब्लेड से हमला किया गया है और आरोपी फिलहाल फरार है। पुलिस टीम उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि लड़की और आरोपी युवक एक वर्ष से एक-दूसरे को जानते थे। उनके बीच दोस्ती थी, लेकिन संबंधों में तनाव आने के बाद घटना को अंजाम दिया गया। इस संबंध में पीड़िता के भाई ने आरोपी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस के द्वारा 07 लोगों को हिरासत में लिया है जिसके अनुरूप पूछताछ की जा रही है। प्रभावी कार्यवाही हेतु पुलिस की 04 टीमें गठित कर अपर पुलिस अधीक्षक नगर तथा क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में दबिश दी जा रही है। पुलिस के द्वारा ऐसे गंभीर अपराध में अभियुक्त के विरूद्ध कठोर कार्यवाही सुनिश्चित किया जा रहा है।



