मीरजापुर। शुक्रवार, 26 दिसंबर को भाजपा जिला कार्यालय सभागार में जिलाध्यक्ष बृजभूषण सिंह की अध्यक्षता में वीर बाल दिवस संगोष्ठी का शुभारम्भ मुख्य अतिथि विधायक नगर पं0 रत्नाकर मिश्रा व मंचासीन अतिथियों ने चार साहिबजादे के चित्र पर पुष्पार्चन कर किया। जिलाध्यक्ष ने कहा पीएम मोदी जी के नेतृत्व में भारत सरकार ने 26 दिसम्बर को “वीर बाल दिवस” को राष्ट्रीय दिवस घोषित किया। 09 जनवरी, 2022 को गुरु गोविन्द सिंह जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर प्रधानमंत्री जी ने घोषणा किया कि 26 दिसम्बर को दसवें सिख गुरु गोविन्द सिंह जी के पुत्रों, साहिबजादे बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह जी की शहादत की स्मृति में “वीर बाल दिवस” के रूप में मनाया।
आगे उन्होंने बाबा जोरावर सिंह, उम्र लगभग 09 वर्ष और बाबा फतेह सिंह, उम्र लगभग 06 वर्ष सिख इतिहास के अमर बाल-शहीद हैं। उनका बलिदान धर्म, साहस और सत्य के प्रति अडिग आस्था का अद्वितीय उदाहरण है। वे दसवें गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के छोटे साहिबजादे थे। मुगल शासन के समय, सरहिंद में उन्हें अत्याचारों का सामना करना पड़ा। अत्यधिक दबाव और प्रलोभन के बावजूद उन्होंने अपना धर्म त्यागने से इनकार किया।
इतनी छोटी आयु में भी उनका संकल्प अटल रहा—यह उनके चरित्र की महानता को दर्शाता है। उनका बलिदान सिख इतिहास में धार्मिक स्वतंत्रता और मानवीय गरिमा की रक्षा का प्रतीक है। हर वर्ष शहीदी सप्ताह के रूप में उन्हें श्रद्धांजलि दी जाती है, जिससे नई पीढ़ी को सत्य, साहस और सेवा के मूल्य सीखने को मिलते हैं। इसी कड़ी में मुख्य अतिथि विधायक नगर पं0 रत्नाकर मिश्रा ने कहा कि सिख समाज भारत का एक गौरवशाली और कर्मठ समाज है।
इस समाज ने राष्ट्र निर्माण, खेलों और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान दिया है। नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुन्दर केसरी ने बताया कि माननीय प्रधानमंत्री भारत और पाकिस्तान सीमा पर स्थित करतारपुर कॉरिडोर को 2019 में मोदी सरकार ने खोलकर सिख श्रद्धालुओं के लिए सहज, वीज़ा-मुक्त मार्ग उपलब्ध कराया। इससे भारतीय सिख भक्त आसानी से गुरुद्वारा दरबार साहिब, करतारपुर तक पहुँच सकते हैं जहाँ गुरु नानक देव जी के अंतिम वर्षों का समय गुजरा था।
मोदी सरकार ने गुरुद्वारों में परोसे जाने वाले लंगर पर GST (माल एवं सेवा कर) छूट प्रदान की। यह निर्णय सिख परंपरा — जहाँ गरीब-अमीर बिना भेदभाव भोजन ग्रहण करते हैं — को कर से मुक्त रखने का कदम है। मोदी सरकार के कार्यकाल में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन हुआ, जिसके जरिये 1984 के सिख विरोधी दंगों के कई मामलों को पुनः खोला और दोषियों को न्यायालय के सामने लाया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने सिख समुदाय के धार्मिक-सांस्कृतिक सम्मान, न्याय प्रक्रिया, पारंपरिक परंपराओं का संवर्धन, तथा धार्मिक यात्रा-स्वतंत्रता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर कई पहलें की हैं।
इन पहलों ने सिख समुदाय की भावनात्मक, सामाजिक और धार्मिक आवश्यकताओं को संबोधित करने में योगदान दिया है। कार्यक्रम का संयोजक एवं संचालन जिलामंत्री कौशल श्रीवास्तव ने किया। साथ में कार्यक्रम जिला सह संयोजक जसविंदर सिंह सरना गोल्डी एवं सनी सिंह सरदार रहे।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जिला उपाध्यक्ष निर्मला राय, जिला महामंत्री रवि शंकर पाण्डेय, दिनेश वर्मा, जिलामंत्री हेमन्त त्रिपाठी, जिला मीडिया प्रभारी ज्ञान प्रकाश दूबे, मंडल अध्यक्ष डॉली अग्रहरि, नितिन विश्वकर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष सुजीत सिंह, धर्मपाल सिंह, जगजीत सिंह डंग, जगमीत सिंह खुराना, दर्शन सिंह ग्रेवाल, हरदीप सिंह खुराना, जसवंत सिंह उपस्थित रहे।



