मीरजापुर।
मिर्जापुर दरी एवं कारपेट मैन्युफैक्चरर एसोसिएशन की एक बैठक आज दिनांक 12 जनवरी को शाम 5 बजे होटल जेनेक्स शिवाला महंत में आशीष बुधिया की अध्यक्षता मे संपन्न हुई। बैठक मे मीरजापुर के दरी एवं कारपेट के निमार्ता एवं निर्यातक बन्धुओ ने भाग लिया। बैठक मे सभी वक्ताओं ने दरी एवं कारपेट के गिरते निर्यात को प्रोत्साहित करने के लिए निर्यातकों को अन्य आर्थिक सुविधाएं बढ़ाने हेतु सरकार से नए बजट में मांग की।
सभी वक्ताओं ने कहा कि दरी व कारपेट का निर्यात इस समय अमेरिकी सरकार द्वारा थोपे गए 50 प्रतिशत टैरिफ और पूरे विश्व में लड़ाई एवं तनावपूर्ण माहौल के कारण अभूतपूर्व मंदी के दौर से गुजर रहा है। इस विषम परिस्थिति में सरकार को इस ओर विशेष ध्यान देते हुए उद्योग को अन्य कई प्रकार से सहायता प्रदान करनी चाहिए।
बैठक मे वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय मे दरी कालीन के उद्योग को सरकार द्वारा विशेष संरक्षण प्रदान करना चाहिए। बैठक को सी.पी.गुप्ता, सचिव मनोज खंडेलवाल, हेमंत सिंघानिया, प्रांजल जायसवाल, कैलास सिंह, इब्राहिम अंसारी, नरेश सिंह ,चन्द्र मोहन वासन, IICT के यस. के. पांडेय और फिरोज खान ने सम्बोधित करते हुए अपना विचार रखा।
बैठक मे जिला उद्योग केंद्र से आये बृजेश जी, रोहित पाण्डेय ने कारपेट दरी के निर्यातको को सरकारी सहायता स्कीमों के बारे में और अंतरराष्ट्रीय मेले मे भाग लेने पर सरकार द्वारा दी जाने वालीं सुविधाओं की जानकारी दी।
आशीष बुधिया ने मांग किया कि जिला उद्योग केंद्र के कार्यालय में सरकारी स्कीमों के जानकारी एवं सहायता उपलब्ध कराने के लिए एक “हेल्प डेस्क” तत्काल चालू की जाय, जिससे सभी निर्यातक अधिक से अधिक लाभ उठा सकें।
बैठक का संचालन मनोज खंडेलवाल ने किया तथा उद्योग के वर्तमान संकट पर गहरी चिंता व्यक्त की। बैठक में मुख्य रूप से सी० पी० गुप्ता, इब्राहिम अंसारी, कैलाश सिंह, हेमन्त सिंघानिया, नरेश सिंह, चन्द्र मोहन वासन, अनुज जायसवाल, फिरोज खान, उन्नी कृणनन नायर, राजेश जैन, राम नरायण सोनकर, प्रांजल जायसवाल, रामेश्वर अग्रवाल, अजय पाल सिंह, गिरीश बरनवाल इत्यादि मुख्य रूप से उपस्थित थे।



