News

केन्द्रीय राज्यमंत्री ने गौरा परमानपुर गंगा घाट पर निर्मित पीपा पुल का आवागमन हेतु किया उद्घाटन

0 362 करोड़ की लागत से जोपारामपुर घाट पर निर्माणाधीन पक्का पुल का भी किया निरीक्षण

0 निर्माणाधीन पुल की गुणवत्ता के साथ किसी स्तर पर लापरवाही बर्दाशत नही : अनुप्रिया पटेल

मीरजापुर।  केंद्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण तथा रसायन उर्वरक राज्य मंत्री भारत सरकार श्रीमती अनुप्रिया पटेल ने आज जनपद भ्रमण के दौरान छानबें विधानसभा क्षेत्र के गौरा परमानपुर घाट पर गंगा नदी पर नव निर्मित पीपा पुल का विधि-विधान से पूजन कर आवागमन हेतु उद्घाटन किया। राज्य योजना सेतु के अंतर्गत 1 करोड़ 90 लाख 53 हजार रुपये की लागत से तैयार हुए इस पुल से स्थानीय क्षेत्रवासियों को अब आवागमन में बड़ी सहूलियत मिलेगी। उद्घाटन के दौरान ग्रामीणों ने माननीय मंत्री श्रीमती अनुप्रिया पटेल जी को पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

ज्ञातव्य है कि सेमराथ नाथ ब्लाक डिघ, जंगीगंज, भदोही कालीन नगरी के साथ ही मिर्जापुर के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। गौरा परमानपुर गंगा घाट पर पीपा पुल को माननीय मंत्री व स्थानीय विधायक द्वारा फीता काटकर चालू किया। इस पुल के बनने से छानबे विकास खण्ड के ग्राम परमानपुर, कोठरा मिश्रान, डंगहर, गौरा, कोलेपुर, जिगना, हरगढ़, रसौली, बजटा, नरोइया, नएपुर, गैपुरा व भदोही की तरफ से विकास खण्ड डीह के कोईरौना, सेरामधनाथपुर, डेरवा पहाड़पुर के लोगो को लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त इन सभी मानकों को दृष्टिगत देखते हुए विकास खण्ड छानबे के गौरा परमानपुर पुरवां के सामने सेमराधनाथ के बीच गंगा नदी पर पीपा पुल एवं सेमराधनाथपुर साइड 350 मीटर एवं परमानपुर साइड में 660 मीटर पहुँच मार्ग भी बनाया जाएगा। पान्टून पुल बन जाने से लगभग 25 से 30 हजार तक की आबादी के लोग लाभान्वित होगें एवं यातायात में सुगमता के साथ लगभग 20 किमी0 की दूरी कम हो जायेगी।
तत्पश्चात केन्द्रीय मंत्री द्वारा विकास खण्ड छानबे के जोपा-रामपुर घाट गंगा नदी पर 362 करोड़ की लागत से 1440 मीटर लम्बाई में निर्माणाधीन पक्का पुल का भी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया गया। 

 केन्द्रीय मंत्री ने स्थलीय निरीक्षण के पश्चात उपस्थित सेतु निगम के अधिकारियो को निर्देशित करते हुए कहा कि पुल निर्माण की गुणवत्ता को बनाए रखने के साथ निर्धारित समय सीमा मई 2027 तक पूर्ण कराना सुनिश्चित कराए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में प्रयुक्त होने वाले सामाग्रियो का समय-समय पर थर्ड पार्टी एजेंसी के द्वारा गुणवत्ता की जांच भी कराई जाएगी किसी भी स्तर पर अनियिमिता व गुणवत्ता खराब पाए जाने पर सम्बन्धित के विरूद्ध कड़ी से कड़ी कार्यवाही की जाएगी।

 उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि अच्छी गुणवत्ता वाला मजबूत पुल क्षेत्र की जनता को मिले ताकि वे इस सुविधा लाभ भरपूर उठा सकें। उन्होंने कहा कि पुल निर्माण की प्रगति अभी 22 प्रतिशत है आगे भी निरीक्षण कर गुणवत्ता व प्रगति की जानकारी ली जाएगी। उद्घाटन के दौरान मा0 विधायक छानबें श्रीमती रिकी कोल, जिला अध्यक्ष इंजीनियर राम लौटन बिंद, राष्ट्रीय सचिव किसान मंच रमाकांत पटेल, राष्ट्रीय सचिव चिकित्सा मंच डाॅ एसपी पटेल, भाजपा वरिष्ठ पदाधिकारी प्रेम बहादुर सिंह, जोन अध्यक्ष अवधेश पाल, भाजपा वरिष्ठ पदाधिकारी शिवराम पांडे, मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, वरिष्ठ पदाधिकारी इंद्रेश सिंह पूर्व मंडल अध्यक्ष सुजीत मोदनवाल, जिला मीडिया प्रभारी शंकर सिंह चैहान, प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग मिर्जापुर के एक्सईएन सहित भाजपा अपना दल निषाद पार्टी के तमाम पदाधिकारी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!