मौनी अमावस्या के दृष्टिगत मण्डलायुक्त-आईजी ने भ्रमण कर यातायात प्रबंधन/ट्रैफिक व्यवस्था का लिया जायजा
मीरजापुर।
शनिवार, 17 जनवरी को मण्डलायुक्त विन्ध्याचल मण्डल राजेश प्रकाश एवं पुलिस महानिरीक्षक विन्ध्याचल परिक्षेत्र, मीरजापुर आर.पी. सिंह द्वारा माघ मेला प्रयागराज 2026 के प्रमुख स्नान पर्व “मौनी अमावस्या” एवं श्रद्धालुओं को सुगम व सुरक्षित यातायात व्यवस्था के दृष्टिगत थाना विन्ध्याचल क्षेत्रान्तर्गत भ्रमण कर यातायात प्रबंधन एवं ट्रैफिक व्यवस्था का जायजा लिया गया एवं अष्टभुजा मंदिर के समीप बनाए गए होल्डिंग एरिया एवं पार्किंग स्थल का निरीक्षण किया गया।
होल्डिंग एरिया में श्रद्धालुओं के प्रवेश एवं निकास मार्ग तथा होल्डिंग एरिया की क्षमता की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को होल्डिंग एरिया में सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गए। भीड़ प्रबंधन एवं श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन हेतु बनाये जाने वाले होल्डिंग एरिया में पेयजल, मोबाइल टॉयलेट, प्रकाश आदि की समुचित व्यवस्था करने तथा साफ़ सफ़ाई की अच्छी व्यवस्था रखने के निर्देश दिये गए।
इस दौरान उन्होने श्रद्धालुओं से वार्ता की एवं उनको सुरक्षा के प्रति आश्वस्त किया गया। श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की समस्या न होने पाए इसके लिए सम्बन्धित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।



