News

पराक्रम दिवस पर दाढ़ीराम में युवाओं ने किया नेताजी को नमन, विभिन्न प्रतियोगिताओं का हुआ आयोजन

पड़री, मीरजापुर। मेरा युवा भारत, मिर्जापुर एवं युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में शुक्रवार को विकास खण्ड पहाड़ी के दाढ़ीराम में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर पराक्रम दिवस का भव्य आयोजन युवा मंडल द्वारा किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति, नेतृत्व क्षमता और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का विकास करना रहा।

कार्यक्रम के अंतर्गत दौड़, चित्रकला, निबंध लेखन एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा शील्ड, प्रमाण पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष राजू कन्नौजिया ने अपने संबोधन में कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस का जीवन आज के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं में आत्मविश्वास, देशभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।

 विशिष्ट अतिथि भूमि विकास बैंक के अध्यक्ष प्रमोद सिंह ने कहा कि युवा राष्ट्र निर्माण की नींव होते हैं और पराक्रम दिवस जैसे आयोजन उन्हें अपने कर्तव्यों का बोध कराते हैं। भाजपा मंडल अध्यक्ष एवं साधन सहकारी समिति के अध्यक्ष अशोक मौर्या ने भी युवाओं को आगे बढ़ने और समाज के लिए कार्य करने की प्रेरणा दी।
मुख्य वक्ता जिला महामंत्री रविशंकर पांडेय ने नेताजी के संघर्षमय जीवन, आज़ाद हिंद फौज और उनके राष्ट्रवादी विचारों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए युवाओं से उनके आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया।

 सम्मानित अतिथि ग्राम प्रधान राजेश प्रजापति ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए युवा मंडल को ऐसे आयोजन निरंतर करते रहने की बात कही। कार्यक्रम में ज्ञानप्रकाश दुबे, दिलीप सिंह, शिवकुमार, महेंद्र, पंकज, ओमप्रकाश, हंशलाल, उजाला पाल, डॉ. राजेंद्र प्रताप सिंह, विनय सिंह, प्रबंधक ओमप्रकाश, आशीष दुबे, अमरेश भारती सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता युवा मंडल सदस्य अशोक कुमार ने की, जबकि व्यवस्थापक की भूमिका रामगोपाल ने निभाई। कार्यक्रम का संचालन एवं सफल आयोजन युवा स्वयंसेवक सुरेश मोदनवाल द्वारा किया गया। आयोजन को सफल बनाने में युवा मंडल के सदस्य सूरज, विकास, पिंटू, सुनील, आनंद, चंदन, दीपचंद्र, विजय यादव सहित अन्य युवाओं का विशेष योगदान रहा।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!