News

स्नातक प्रथम सेमेस्टर परीक्षा का प्रथम दिन सफलतापूर्वक संपन्नप्र; थम पाली में 5,431 उपस्थित, 285 अनुपस्थित तथा द्वितीय पाली में 2,722 उपस्थित, 106 अनुपस्थित

मीरजापुर।

माँ विन्ध्यवासिनी विश्वविद्यालय, मीरजापुर से संबद्ध समस्त महाविद्यालयों में संचालित स्नातक प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाओं का प्रथम दिवस शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं निष्पक्ष वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रथम पाली में आयोजित परीक्षा में 5,431 छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे, जबकि 285 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए। वहीं, द्वितीय पाली में 2,722 छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे तथा 106 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।

परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता एवं सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय की माननीय कुलपति प्रो. शोभा गौड़ द्वारा विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के वित्त अधिकारी श्री गिरीश कुमार एवं कुलसचिव श्री राम नारायण भी उनके साथ उपस्थित रहे।

कुलपति जी ने प्रथम पाली में मीरजापुर जनपद स्थित घनश्याम बिनानी एकेडमी ऑफ मैनेजमेंट, जी०डी० बिनानी पी०जी० कॉलेज, माँ विन्ध्यवासिनी महाविद्यालय, कमला देवी आर्य कन्या पी०जी० कॉलेज एवं के०बी०पी०जी० कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण किया। इसके उपरांत द्वितीय पाली में उन्होंने भदोही जनपद के चार परीक्षा केंद्रों— जिनमें केशव प्रसाद राल्ही महाविद्यालय, फलाए उम्मत पी०जी० कॉलेज तथा काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय प्रमुख रहे—का भ्रमण कर परीक्षा व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान कुलपति जी ने सामने आई कुछ छोटी-मोटी व्यावहारिक समस्याओं का त्वरित समाधान कराते हुए उन्होंने केंद्राध्यक्षों एवं परीक्षा से जुड़े समस्त कार्मिकों को विश्वविद्यालय की परीक्षा नियमावली के अनुरूप निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से परीक्षा संपन्न कराने के निर्देश दिए।

कुलपति जी ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन परीक्षाओं की गुणवत्ता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने हेतु निरंतर निगरानी कर रहा है, जिससे परीक्षार्थियों को शांत एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!