मीरजापुर।
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ वाराणसी से सम्बद्ध महाविद्यालयों में शैक्षिक सत्र 2025-26 की विषम सेमेस्टर परीक्षाओं को सुचारू और नकलमुक्त संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संयोजक प्रोफेसर भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में एक सचल दल ने शनिवार को विभिन्न महाविद्यालयों का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान प्रोफेसर सिंह ने केंद्रीय सचल दल के सदस्यों डॉ. अमित कुमार सिंह और डॉ. विजय ज्योति के साथ रामलालित विधि महाविद्यालय, ऊषा सिंह विधि महाविद्यालय, साईं इंस्टीट्यूट लोहदी कला मीरजापुर सहित कई अन्य महाविद्यालयों का दौरा किया। उन्होंने परीक्षा कक्षों की गहन तलाशी ली और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित की।
प्रोफेसर सिंह ने बताया कि परीक्षा के सुचारू संचालन और नकल रोकने के लिए केंद्र अध्यक्षों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता और शुचिता बनाए रखना हमारी प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए।



