News

परीक्षा की शुचिता को लेकर कुलपति ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

मीरजापुर। माँ विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय मीरजापुर की कुलपति प्रो० शोभा गौड़ ने मंगलवार को विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों का औचक निरीक्षण किया।
कुलपति ने परीक्षा की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सीसीटीवी कैमरों की लाइव मॉनिटरिंग व्यवस्था, रिकॉर्डिंग प्रणाली तथा नियंत्रण कक्ष की स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा अवधि में सभी कैमरे सतत रूप से सक्रिय रहें तथा किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या को तत्काल दूर किया जाए, जिससे परीक्षा प्रक्रिया पर निरंतर निगरानी बनी रहे।

इसके अतिरिक्त विश्वविद्यालय द्वारा गठित सचल दल (फ्लाइंग स्क्वाड) ने मीरजापुर, भदोही एवं सोनभद्र—तीनों जनपदों के विभिन्न परीक्षा केंद्रों एवं संबद्ध महाविद्यालयों का भ्रमण कर परीक्षा संचालन की वास्तविक स्थिति का गहन अवलोकन किया। इस दौरान सचल दल ने परीक्षा की गोपनीयता, अनुशासन, परीक्षार्थियों की उपस्थिति पंजिका, परीक्षा कक्षों की समुचित व्यवस्था तथा उत्तर पुस्तिकाओं के वितरण एवं संधारण से संबंधित व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की, जिससे परीक्षा प्रक्रिया पूर्णतः सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी बनी रहे।

निरीक्षण के दौरान कुलपति महोदया ने कहा कि विश्वविद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकता परीक्षाओं को नकलविहीन, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है। इसके लिए तकनीकी संसाधनों का प्रभावी एवं जिम्मेदार उपयोग अत्यंत आवश्यक है।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के वित्त अधिकारी गिरीश कुमार एवं कुलसचिव रामनारायण, मीरजापुर के उड़ाका दल के संयोजक प्रो. भवभूति मिश्रा, प्रो. वंदना मिश्रा, डॉ. कुलदीप पांडेय एवं डॉ. प्रभु नाथ यादव सदस्य के रूप में उपस्थित रहे।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!