0 ब्लॉक सभागार में कार्मिकों संग बैठक कर विकास कार्यों की की समीक्षा
पड़री, मीरजापुर।
विकास खंड पहाड़ी के ग्राम सभा लोकापुर में सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) विशाल कुमार ने विकास कार्यों एवं अस्थायी गो-आश्रय स्थल का निरीक्षण किया।
सीडीओ अपराह्न करीब 3 बजे लोकापुर पहुंचे और प्राथमिक विद्यालय में संचालित अस्थायी पंचायत भवन में पंचायत सहायक कंचन कुमारी से फार्मर रजिस्ट्री, पीएम सूर्य घर योजना, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने ग्राम सभा में बने मॉडल शॉप तथा एकीकृत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र (आरआरसी सेंटर) का निरीक्षण किया। आरआरसी सेंटर पर मौजूद अखिलेश कुमार मौर्य से कूड़ा प्रबंधन, छंटाई एवं रख-रखाव की जानकारी प्राप्त की। इसके बाद
सीडीओ ने 39 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन पंचायत भवन का भी बारीकी से निरीक्षण किया तथा ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मंटू चौबे से प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने ग्राम सभा में स्थित जर्जर पोखरी के शीघ्र जीर्णोद्धार के निर्देश भी दिए।
इसके पश्चात सीडीओ ने अस्थायी गो-आश्रय स्थल का निरीक्षण किया। अभिलेखों में कुल 516 पशु दर्ज पाए गए, जिनमें 254 नर एवं 262 मादा पशु शामिल हैं। उन्होंने जिन पशुओं का टैग नहीं लगा है, उनका शीघ्र टैगिंग कराने के निर्देश दिए। गो-आश्रय स्थल के बाहर फैले गोबर को हटाने अथवा वर्मी कम्पोस्ट बनाकर उपयोग करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही पशुओं के बेहतर रख-रखाव, समय से चारा-पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
इसके बाद सीडीओ ने पड़री स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का निरीक्षण किया। एलईडी टीवी के माध्यम से बच्चों की पढ़ाई को देखकर उन्होंने सराहना की। विद्यालय परिसर के समीप चल रहे क्रिकेट टूर्नामेंट को देखकर सीडीओ ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई और कहाकि छात्राओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। किसी भी संभावित घटना की जिम्मेदारी तय होगी। एबीएसए फरहा रईस द्वारा बताई गई समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए।
अंत में सीडीओ ने ब्लॉक सभागार में खंड विकास अधिकारी बबीता सिंह, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आनंद कुमार सिंह सहित अन्य विकास कर्मियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सभी कार्यों में गुणवत्ता, मानक एवं अभिलेखों को पूर्ण रखने पर विशेष जोर दिया। बैठक में एसआईआर, फार्मर रजिस्ट्री तथा पीएम सूर्य घर योजना की भी समीक्षा की गई।
इस मौके पर खंड विकास अधिकारी बबिता सिंह, बीईओ पहाडी फराह रईस, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आनंद कुमार सिंह, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मंटू चौबे, वरिष्ठ समाजसेवी संजय दुबे सहित अन्य ब्लॉक कर्मी उपस्थित रहे।



