कछवा, मीरजापुर। कछवा थाना अंतर्गत सेमरा खैरा गांव निवासी 19 वर्षीय शिवम पुत्र स्वर्गीय हीरालाल का शव पोस्टमार्टम के बाद देर रात घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने शव को घर पर रखकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने-बुझाने का प्रयास करने लगी, लेकिन परिजन अपनी मांग पर अड़े रहे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सेमरा खैरा गांव में कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।
घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंचे थाना अध्यक्ष अमरजीत चौहान ने परिजनों को काफी देर तक समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे मुख्य आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर डटे रहे। इसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी के घर पहुंचकर उसकी तलाश की, लेकिन वह वहां नहीं मिला।
करीब दोपहर 12 बजे, पुलिस के आश्वासन के बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए मेड़िया घाट लेकर रवाना हुए, तब जाकर पुलिस ने राहत की सांस ली।
मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी सदर मुनेंद्र पाल सिंह ने बताया कि मामले में कुछ लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और शीघ्र ही सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



