पड़री (मिर्जापुर)।
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय शाखा पड़री में गुरुवार को परमात्मा शिव की जयंती महोत्सव बड़े ही श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक वातावरण में धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्र के श्रद्धालु भाई-बहनों ने सहभागिता कर बाबा भोलेनाथ के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
कार्यक्रम की शुरुआत बाबा की मुरली श्रवण से हुई, जिसमें परमात्मा शिव के संदेशों को ध्यानपूर्वक सुना गया। इसके पश्चात विधिवत भोग अर्पण किया गया तथा ध्वजारोहण कर विश्व कल्याण की भावना के साथ शांति की कामना की गई। इस अवसर पर आश्रम परिसर को सजाया गया था, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय व उत्साहपूर्ण नजर आया।

इस अवसर पर भाई-बहनों द्वारा प्रस्तुत भक्ति गीत, आध्यात्मिक कविताएं एवं नृत्य प्रस्तुतियों ने सभी को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में प्रधान संघ अध्यक्ष पहाड़ी ब्लॉक ग्राम प्रधान व्यासजी बिंद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए समाज में नैतिक मूल्यों, शांति और सद्भाव के प्रसार पर बल दिया।वहीं ब्रह्माकुमारी सुनीता दीदी, गुंजा दीदी एवं सत्यनारायण भाई ने अपने-अपने उद्बोधन में शिव जयंती के आध्यात्मिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।

उन्होंने बताया कि शिव जयंती आत्मा की शुद्धि, राजयोग साधना एवं सकारात्मक जीवन मूल्यों को अपनाने का संदेश देती है। उन्होंने सभी से नियमित राजयोग ध्यान अपनाकर तनावमुक्त व शांतिपूर्ण जीवन जीने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन के सफल संचालन में आश्रम से जुड़े भाई-बहनों का विशेष योगदान रहा। पूरे कार्यक्रम के दौरान शांति, प्रेम एवं भाईचारे का संदेश दिया गया।



