ग्राम पंचायतों में लगे चौपाल मे हर घर नल योजना पर ग्रामीणों का फूटा आक्रोश
फोटोसहित
पड़री (मीरजापुर)।
विकास खंड पहाड़ी के ग्राम पंचायत उमरिया अयोध्या प्रसाद व थानापुर में शुक्रवार को ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया, जहां अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर निस्तारण का भरोसा दिलाया।
उमरिया अयोध्या प्रसाद में आयोजित चौपाल में सहायक श्रमायुक्त सतीश दयाल ने शिकायतें सुनीं। यहां कुल तीन प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। उमेश चंद ने हैंडपंप मरम्मत, संतरा देवी ने आवास दिलाए जाने तथा बृजेश यादव ने परिवार रजिस्टर की नकल संबंधी आवेदन दिया। तीनों मामलों का मौके पर समाधान करा दिया गया। थानापुर पंचायत भवन पर आयोजित चौपाल में डीपीआरओ संतोष कुमार, खंड विकास अधिकारी पहाड़ी बबिता सिंह व एडीओ पंचायत कृष्ण कुमार सिंह मौजूद रहे। ग्रामीणों ने हर घर नल योजना का पानी पूरे गांव तक न पहुंचने की शिकायत की। पहाड़ी क्षेत्र के खुटहा शाहू निवासी राम जियावन व संतोष सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि अधूरा कार्य होने से पेयजल संकट बना हुआ है।
ग्राम प्रधान राम सागर भारती ने बताया कि लगभग 40 प्रतिशत कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है, जिसकी सूचना कई बार संबंधित विभाग को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई। इस पर डीपीआरओ ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। चौपाल में ग्राम प्रधान थानापुर रामसागर,ग्राम सचिव अखिलेश दुबे व उमरिया अयोध्या प्रसाद में ग्राम प्रधान पारस नाथ व ग्राम सचिव प्रदीप सरोज सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



