0 पहाड़ी ब्लॉक कार्यालय व रामनगर सीकरी का औचक निरीक्षण
0 गर्मी से पहले जल नल योजना का कार्य पूर्ण कराने के निर्देश
पड़री (मीरजापुर)।
पड़री क्षेत्र में सोमवार को एडीएम नमामि गंगे ने पहाड़ी ब्लॉक मुख्यालय एवं ग्राम पंचायत रामनगर सीकरी का औचक निरीक्षण कर विकास कार्यों की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान जल नल योजना की सुस्त प्रगति पर कड़ी नाराजगी जताते हुए उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्था को चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण न होने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।
ब्लॉक मुख्यालय पहुंचकर एडीएम नमामि गंगे विजेता ने कार्यालय की साफ-सफाई, स्थापना पटल, लेखा अभिलेख एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तार से जांच की।साथ ही आईजीआरएस प्रकरणों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने कर्मचारियों की सराहना की, वहीं लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश भी दिए।
पहाड़ी ब्लॉक में संचालित जल नल योजना के अधूरे कार्यों पर उन्होंने सख्त रुख अपनाया। निर्देश दिया कि गर्मी शुरू होने से पहले सभी तकनीकी खामियों को दूर कर पेयजल आपूर्ति सुचारु की जाए, ताकि ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
एडीएम नमामि गंगे विजेता ने खंड विकास अधिकारी बबिता सिंह को विद्यालयवार एवं गांववार सूची तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा। जिन परिषदीय विद्यालयों एवं बस्तियों को अब तक जल नल योजना से नहीं जोड़ा गया है, उन्हें चिन्हित कर एक सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।इसके बाद एडीएम नमामि गंगे विजेता रामनगर सीकरी गांव पहुंचीं, जहां पंचायत भवन का निरीक्षण कर अभिलेखों की जांच की।
सचिव दीक्षा शुक्ला व ग्राम प्रधान राजेश बिंद ने अंगवस्त्रम व माँ विन्ध्वासिनी का चल चित्र देकर शिष्टाचार भेट की इसके बाद ग्रामीणों से योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। ग्रामीणों ने जलनिगम द्वारा नियमित जलापूर्ति न होने एवं पाइपलाइन लीकेज की शिकायत की। इस पर एडीएम नमामि गंगे ने खंड विकास अधिकारी बबिता सिंह को जांच कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि ग्राम स्तर पर पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्ध कार्य संपादन सुनिश्चित करना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।



