अहरौरा, मीरजापुर। नगर पालिका परिषद अहरौरा क्षेत्र के वार्ड नंबर-6 मुहाल नई बाजार स्थित सामुदायिक भवन से सोलर पैनल चोरी होने का मामला मंगलवार को सामने आया है। घटना की सूचना मिलने के बाद अधिशासी अधिकारी अमिता सिंह ने पुलिस को तहरीर दिया है।
14वां वित्त आयोग की धनराशि से लगभग छः वर्ष पूर्व नई बाजार के सामुदायिक भवन पर 10 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल सिस्टम लगाया गया था। नपा कर्मियों को सूचना मिली कि भवन पर लगे कुल 24 सोलर पैनलों में से 19 पैनल अज्ञात चोर चोरी कर ले गए।
अधिशासी अधिकारी अमिता सिंह ने बताया कि ये सोलर पैनल नगर क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में प्रकाश व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगाए गए थे। चोरी की इस घटना से पालिका को आर्थिक क्षति हुई है और सार्वजनिक सुविधा भी प्रभावित हुई है।
पालिका की ओर से थाना प्रभारी को भेजे गए पत्र में मामले की जांच कर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। थानाध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।



