मीरजापुर। लालडिग्गी रोड पर नाली जाम की शिकायत मिलने पर नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी सभासदों एवं अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय नागरिकों ने अवगत कराया कि जल निगम द्वारा कराए जा रहे खुदाई कार्य के दौरान ठेकेदार की लापरवाही से नगर पालिका की सीवर पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे नालियों की निकासी बाधित हो गई और क्षेत्र में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
पालिका अध्यक्ष की मौजूदगी में नगर पालिका की टीम ने मौके पर जेसीबी से खुदाई कर जांच कराई, जिसमें स्पष्ट हुआ कि नगर पालिका की पाइपलाइन जल निगम के ठेकेदार द्वारा किए गए कार्य के दौरान तोड़ी गई है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए नपा अध्यक्ष ने जल निगम के अधिकारियों से तत्काल वार्ता की और 24 घंटे के भीतर नगर पालिका की क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत कर नालियों को सीवर से जोड़ने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नगर पालिका की संपत्ति को नुकसान पहुंचाना और आमजन को असुविधा में डालना अत्यंत गैर-जिम्मेदाराना कृत्य है।
नपा अध्यक्ष ने कहा कि इस प्रकार की लापरवाही से शासन की छवि धूमिल होती है और यह सरकार को बदनाम करने की साजिश प्रतीत होती है। यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर समस्या का समाधान नहीं किया गया अथवा इस प्रकार का ग़ैर जिम्मेदाराना व्यवहार फिर पाया गया तो संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही हेतु शासन को पत्र लिखा जाएगा।
उन्होंने स्थानीय नागरिकों को आश्वस्त किया कि नगर पालिका जनता के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर सभासद मोहम्मद गुलजार, मो. आदिल, विकास यादव, सचिन जायसवाल, राजा जायसवाल, रूपेश यादव, बद्री सहित अन्य स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।



